बरौत फोटो - हादसे के बाद सीएचसी ऊपरदहां में जुटे परिजन व पुलिसकर्मी
- फोटो : संवाद
हंडिया थाना अंतर्गत पुलिस चौकी बरौत क्षेत्र के ऊपरदहां गांव के पास जीटी रोड पर सोमवार को खड़े ट्रक में बाइक घुसने से 45 वर्षीय मनोज की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार उसका साथी 41 वर्षीय योगेश श्रीवास्तव पुत्र सुरेश चंद्र श्रीवास्तव निवासी झलवा, प्रयागराज गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को सीएचसी ऊपरदहां भेजा, जहां चिकित्सकों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार योगेश श्रीवास्तव अपने साथी मनोज के साथ बाइक से बरौत बाजार की ओर जा रहे थे। ऊपरदहां गांव के पास जीटी रोड पर पहुंचते ही बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक में जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस चालक शैलेश कुमार व टेक्नीशियन विवेक यादव की मदद से दोनों घायलों को सीएचसी ऊपरदहां पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मनोज को मृत घोषित कर दिया।
घायल योगेश ने बताया कि वह और मनोज मैकडॉवेल कंपनी में काम करते थे और किसी काम से बरौत बाजार जा रहे थे। हादसे में साथी की मौत की खबर सुनकर वह सदमे में आ गया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया।