फूलपुर के सड़क हादसे में जान गंवाने वाला 19 वर्षीय सौभाग्य केसरवानी की फाइल फोटो।
प्रतापपुर-फूलपुर मार्ग पर करूआडीह गांव के सामने रविवार रात 10 बजे सड़क हादसे में बाइक सवार 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और युवक भी उसके साथ करीब 300 मीटर तक घिसटता गया। चालक ट्रक लेकर भाग गया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रतापपुर बाजार निवासी मृतक सौभाग्य केसरवानी (19) पुत्र राम बाबू परिवार का इकलौता बेटा था। पिता राम बाबू रिक्शा चलाते हैं। परिवार में मां बुधनी देवी और दो बहनें हैं। सौभाग्य रविवार रात करीब 10 बजे बाइक से प्रतापपुर से फूलपुर की ओर जा रहा था। करूआडीह गांव के सामने उसकी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। टक्कर के बाद बाइक ट्रक में फंस गई और युवक भी बाइक के साथ घसीटता चला गया। ट्रक चालक करीब 300 मीटर तक उसे घिसटता गया।
इसके बाद बाइक ट्रक से अलग हो गई। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। फूलपुर पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फुटेज के आधार पर ट्रक की पहचान की जाएगी। इकलौते बेटे की मौत से मां बुधनी देवी और दोनों बहनों का रो-रोकर हाल बेहाल हो गया।