हंडिया थाना क्षेत्र के रसार गांव में सोमवार को डिवाइडर से टकराने पर बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रावतपुर गांव निवासी 40 वर्षीय राकेश सिंह गोपीगंज से रेलवे का टिकट लेकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। रसार गांव के समीप सर्विस रोड पर उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि राकेश सिंह सड़क पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट आ गई। इससे उनकी घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई सुनील सिंह ने बताया कि राकेश सिंह पांच दिन पहले अहमदाबाद से गांव आए थे। सोमवार सुबह वह गोपीगंज रेलवे स्टेशन से टिकट लेने गए थे और वहां से घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में हादसा हो गया। उन्होंने बताया कि राकेश परिवार के बड़े भाई थे। उनके परिवार में पत्नी मीरा सिंह के अलावा तीन बच्चे शिखा, शनि और कलश हैं। घटना की सूचना मिलते ही पत्नी मीरा सिंह और अन्य परिजन मौके पर पहुंच गए।