सूत्रों के मुताबिक प्रयागराज के एक विद्यालय की मूल उत्तर पुस्तिकाओं में अलीगढ़ में बी कॉपी जोड़े जाने का मामला पहले ही उजागर हो चुका है। अब दो-दो उत्तर पुस्तिकाओं पर एक ही अनुक्रमांक मिलने से परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि परीक्षा के दौरान उत्तर पुस्तिकाएं बदली गईं। मामले की जांच शुरू होते ही संबंधित स्कूल प्रबंधक और केंद्र व्यवस्थापक खुद को बचाने में जुट गए हैं।
इन जिलों में मिली सबसे अधिक गड़बड़ी
प्रयागराज क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत हाईस्कूल में प्रयागराज, सीतापुर, महोबा और प्रतापगढ़ में गड़बड़ी के मामले सामने आए हैं, जबकि इंटरमीडिएट में प्रयागराज, प्रतापगढ़, हरदोई और इटावा में मामले मिले हैं। मेरठ क्षेत्र में हाईस्कूल में हाथरस, मैनपुरी, आगरा, एटा और हापुड़ व इंटरमीडिएट में आगरा, अलीगढ़ और झांसी में मामले पकड़े गए हैं। गोरखपुर क्षेत्र में हाईस्कूल में गोरखपुर, गोंडा और महराजगंज, जबकि इंटरमीडिएट में देवरिया में सबसे अधिक आठ मामले सामने आए हैं।
इसके अलावा कुशीनगर, संतकबीरनगर, गोंडा, गोरखपुर और सिद्धार्थनगर में भी गड़बड़ी मिली है। वाराणसी क्षेत्र में हाईस्कूल में आजमगढ़, गाजीपुर, मिर्जापुर और मऊ में मामले सामने आए हैं। इंटरमीडिएट में मिर्जापुर, आजमगढ़, बलिया, चंदौली, जौनपुर, गाजीपुर, अयोध्या और अमेठी शामिल हैं। बरेली क्षेत्रीय कार्यालय के अंतर्गत हाईस्कूल में अमरोहा और मुरादाबाद व इंटरमीडिएट में शाहजहांपुर में मामला पकड़ा गया है।
बोर्ड परीक्षा के आंकड़े
कक्षा पंजीकृत परीक्षा में शामिल उत्तीर्ण
हाईस्कूल 27,51,149 26,01,381 23,52,181
इंटरमीडिएट 24,91,493 24,86,072 19,98,317
मामला पकड़ में आने के बाद जांच बैठा दी गई है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषियों के खिलाफ विभागीय और विधिक कार्रवाई की जाएगी। संबंधित केंद्रों को डिबार भी किया जाएगा। - भगवती सिंह, सचिव, माध्यमिक शिक्षा परिषद