तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल में भर्ती मरीज मनोज कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में कैंट थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस पूछताछ के लिए दो युवकों को उठाकर उनसे साक्ष्य जुटाने में लगी है।
तेज बहादुर सप्रू (बेली) अस्पताल में भर्ती मरीज मनोज कुमार की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत मामले में कैंट थाना पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस पूछताछ के लिए दो युवकों को उठाकर उनसे साक्ष्य जुटाने में लगी है। सूत्रों के अनुसार अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज में मारपीट की घटना भी सामने आई है।
विज्ञापन
मलाकराज निवासी मनोज कुमार शनिवार को पेट में दर्द की शिकायत पर बेली अस्पताल में भर्ती हुए थे। रविवार रात वार्ड के भीतर कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद जबरन अंगूठा लगवाकर उसे अस्पताल से बाहर कर दिया। आरोप है कि घटना के दौरान अस्पताल स्टाफ ने भी कोई हस्तक्षेप नहीं किया। मारपीट के बाद मनोज लापता हो गया और सोमवार सुबह अस्पताल के गेट नंबर-दो के पास उसका शव मिला।
मामले में एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर मंगलवार को परिजन कैंट थाने पहुंचे और विरोध जताया। पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया। फुटेज के आधार पर यह पता लगाया जा रहा है कि मनोज को अस्पताल से किसने और किन परिस्थितियों में बाहर निकाला।
विज्ञापन
पुलिस अस्पताल के डिस्चार्ज रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है कि मनोज को किस आधार पर छुट्टी दिखाई गई और उस समय वहां कौन-कौन मौजूद था। कैंट थाना प्रभारी अमरनाथ राय ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।