prayagraj news : मधुमक्खियों के हमले में घायल प्रतिज्ञा धारावाहिक के कलाकार।
- फोटो : prayagraj
टीवी धारावाहिक प्रतिज्ञा-2 की स्टार कास्ट और प्रोडक्शन टीम पर शुक्रवार को शूटिंग के दौरान मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। घटना से वहां भगदड़ मच गई। यूनिट के मुख्य कैमरामैन समेत डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। छह लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। चार को देर शाम छुट्टी मिल गई। गंभीर रूप से जख्मी दो लोगों जार्जटाउन स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया है।
टीवी सीरियल प्रतिज्ञा-2 की शूटिंग इन दिनों माघमेला और जिले के विभिन्न स्थानों पर चल रही है। बृहस्पतिवार को घूरपुर में भीटा गांव के समीप प्राचीन सुजावन देव मंदिर के समीप शूटिंग शुरू हुई थी। दोपहर में करीब 12:00 बजे के शूटिंग के दौरान पास के पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। स्थानीय लोग भागने लगे तो भगदड़ मच गई। स्टार कास्ट को तो छतरी और किसी तरह बचाकर गाड़ी के अंदर कर दिया गया, लेकिन इस दौरान प्रोडक्शन टीम के लोग मधुमक्खियों की चपेट में आ गए।