बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए प्रयागराज में बनाए गए 74 केंद्र
नोडल अफसर के साथ पर्यवेक्षकों, केंद्राध्यक्षों की बैठक आज
प्रयागराज। बीएड प्रवेश परीक्षा के दौरान थर्मल स्क्रीनिंग में अगर किसी अभ्यर्थी को बुखार होने की पुष्टि होती है या उसे खांसी-जुकाम है तो ऐसे अभ्यर्थी के लिए परीक्षा केंद्र में बैठने की अलग से व्यवस्था की जाएगी। केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को ऐसे ही तमाम मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट होने का इंतजार है और इसीलिए शुक्रवार को बीएड के नोडल अफसर ने शुक्रवार को सेंट एंथोनी घइंटर कॉलेज में दोपहर 12 बजे प्रयागराज के सभी केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों की बैठक बुलाई है।
प्रयागराज मंडल में बीएड प्रवेश परीक्षा कराने की जिम्मेदारी प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय को सौंपी गई है और विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार शेषनाथ पांडेय इसके लिए नोडल अफसर नियुक्त किए गए हैं। परीक्षा के दौरान क्या करना हैं और क्या नहीं, इसको लेकर परीक्षा केंद्रों में असमंजस की स्थिति है। हालांकि नोडल अफसर के साथ बैठक के बाद केंद्राध्यक्षों और पर्यवेक्षकों को उनके सवालों का जवाब मिल जाएगा। प्रयागराज मंडल में बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए कुल 89 केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 74 केंद्र प्रयागराज जिले, सात केंद्र प्रतापगढ़, पांच केंद्र फतेहपुर और तीन केंद्र कौशाम्बी में हैं।
नोडल अफसर ने बृहस्पतिवार को राज्य विश्वविद्यालय के सीपीआई कैंपस स्थित फतेहपुर, प्रतापगढ़ और कौशाम्बी के केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों के साथ बैठक की, जबकि शुक्रवार को सेंट एंथोनी गल्र्स इंटर कॉलेज में प्रयागराज के केंद्राध्यक्षों एवं पर्यवेक्षकों के साथ बैठक होगी। इस बीच दो सवाल सबसे ज्यादा उठ रहे हैं कि थर्मल स्क्रीनिंग के दौरान अगर किसी को बुखार हो तो क्या करें? साथ ही परीक्षा के दौरान कोई अभ्यर्थी बार-बार छींकता या खांसता है और असपास के अभ्यर्थी आपत्ति करते हैं तो क्या करें? नोडल अफसर शेषनाथ पांडेय का कहना है कि परीक्षा केंद्र में कुछ कमरे रिजर्व होंगे। ऐसे में अभ्यर्थी को उन कमरों में बैठकर परीक्षा में शामिल होने की अनुमति दी जाएगी।
एक केंद्र में अधिकतम 300 अभ्यर्थी
कोविड-19 के कारण प्रवेश परीक्षा के दौरान सोशल डिस्टेंसिंग पर सबसे अधिक ध्यान दिया जा रहा है। इसी वजह से प्रत्येक केंद्र में अधिकतम 300 अभ्यर्थियों को बैठाने की अनुमति दी गई है, जबकि पूर्व में प्रत्येक केंद्र में पांच अभ्यर्थी बैठते थे। प्रयागराज में तकरीबन 25 हजार अभ्यर्थियों को बीएड प्रवेश परीक्षा में शामिल होना है।