बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय स्थानांतरण के लिए महानिदेशक स्कूली शिक्षा ने निदेशक बेसिक को पत्र भेजकर मांगी कार्ययोजना
प्रयागराज। बेसिक शिक्षा परिषद के कार्यालय को प्रयागराज से लखनऊ स्थानांतरित न करने के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के दावे के बाद भी प्रदेश सरकार ने कार्यालय स्थानांतरण की दिशा में एक कदम और आगे बढ़ा दिया है। महानिदेशक स्कूली शिक्षा विजय किरन आनंद की ओर से 29 फरवरी को निदेशक बेसिक शिक्षा के नाम जारी पत्र में कहा गया है कि बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय प्रयागराज को साक्षरता निदेशालय लखनऊ में स्थानांतरित करने के संबंध में कार्ययोजना तैयार करके प्रस्तुत करें। इस पहल से स्पष्ट है कि सरकार किसी भी हाल में अपने निर्णय से पीछे लौटने को तैयार नहीं है।
प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और विधान परिषद में सरकार के आश्वासन के बाद भी महानिदेशक के पत्र से स्पष्ट है कि सरकार सभी विरोध को दर किनार कर अपने मिशन में आगे बढ़ रही है। प्रदेश के खादी ग्रामोद्योग मंत्री सिद्घार्थ नाथ सिंह ने भी ‘अमर उजाला’ से कहा था कि उन्होंने इस बारे में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री डॉ.दिनेश शर्मा से बात की है। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि सरकार इस पर विचार करेगी। दो बड़े नेताओं के आदेश के अगले ही दिन महानिदेशक स्कूली शिक्षा का आदेश इन नेताओं के आश्वासन को ‘मुंह चिढ़ाने’ जैसा है।
महानिदेशक स्कूली शिक्षा की ओर से बेसिक शिक्षा निदेशक एवं सचिव बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय प्रयागराज को लिखे पत्र में कहा है कि 24 फरवरी के शासन के पत्र में बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय को साक्षारता निदेशालय में स्थानांतरित करने का आदेश हुआ है। साक्षारता निदेशालय के भवन में वर्तमान समय में मध्यान्ह भोजन प्राधिकरण का कार्यालय है। इस भवन का जीर्णोद्घार भी जारी है। ऐसे में बेसिक शिक्षा परिषद कार्यालय के चरणबद्घ स्थानांतरण के लिए कार्ययोजना बनाकर भेजने को कहा गया है ताकि शासकीय कार्य को पूरा करने में न कोई परेशानी हो, न ही काम प्रभावित हो।