बार कौंसिल ऑफ उत्तर प्रदेश ने कोरोना संक्रमित 24 अधिवक्ताओं को 25-25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है। कौंसिल के पास कुल 39 अधिवक्ताओं ने आर्थिक मदद के लिए आवेदन किया था। इनमें से 24 की पत्रावलियों को जांच के बाद मदद दिए जाने हेतु उपयुक्त पाया गया। जबकि 15 अधिवक्ताओं के मामले में कोरोना रिपोर्ट को लेकर संबंधित विभाग से जानकारी मांगी गई है।
इस मामले को लेकर अखिल भारतीय अधिवक्ता कल्याण समिति नियम 40 समिति की शुक्रवार को बैठक हुई। समिति के अध्यक्ष और बार कौंसिल ऑफ इंडिया के पदेन सदस्य श्रीनाथ त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में तय किए कार्यक्रम के अनुसार कोरोना पीड़ित वकीलों को बार कौंसिल आर्थिक सहायता अपने स्रोतों से दे रहा है।
यह क्रम आगे भी जारी रखा जाएगा। जिन पत्रावलियों का अभी निस्तारण नहीं हो पाया है, उनमें शासन से कोरोना पॉजिटिव की रिपोर्ट मांगी गई है। बैठक में बार कौंसिल के अध्यक्ष जानकीशरण पांडेय और उपाध्यक्ष अंकज मिश्र के अलावा नियम 40 समिति के सदस्य अजय यादव भी मौजूद थे।