Bank manager massacre: managers took room at Anwar's house
अनवार के घर कमरा लिया था बैंक मैनेजर ने
0 अनवार और उसके नौकर का पूरा परिवार हत्या के बाद भागा
0 पुलिस ने ससुराल समेत कई रिश्तेदारों के घर दी दबिश
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। इलाहाबाद बैंक मैनेजर अनिल दोहरे हत्याकांड में मुख्य संदिग्ध अनवार और उसका एक नौकर अपने-अपने परिवारों के साथ फरार हैं। पुलिस ने शनिवार को दोनों की ससुराल के अलावा कई अन्य रिश्तेदारों के घर दबिश दी। एक बात और पता चली है कि बैंक मैनेजर अनिल दोहरे और नवीन जायसवाल दोनों ने ही अनवार के घर में एक कमरा किराये पर लिया था। दोनों वहां खाना खाने और आराम करने के लिए जाते थे।
बैंक मैनेजर हत्याकांड में पुलिस अनवार और दिलबहार की तलाश में दबिश दे रही है। अनवार का एक नौकर भी हत्या के बाद से परिवार के साथ लापता है। अनवार का पूरा परिवार भी घर में ताला लगाकर फरार है। पुलिस ने शनिवार को अनवार और उसके नौकर के ससुराल के साथ कई और रिश्तेदारों के घर दबिश दी, लेकिन उनका कुछ पता नहीं चल रहा है। सभी के मोबाइल भी बंद हैं। कुछ रिश्तेदारों से पूछताछ की गई। उनके मोबाइल नंबरों से अनवार और उसके नौकर का सुराग लगाने की कवायद की जा रही है।
सीओ सोरांव अमित श्रीवास्तव ने बताया कि अनवार और दोनों मैनेजर के बीच क्या अदावत थी, पुलिस इसकी जांच कर रही है। कई बातें पता चली हैं लेकिन जब तक अनवार पकड़ा नहीं जाता, कुछ कहा नहीं जा सकता। लेकिन, अनवार के निशाने पर नवीन जायसवाल ही था। कारणों के बारे में पूछताछ की जा रही है।