धार्मिक यात्राओं के साथ अब भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने पर्यटक ों को इस बार गर्मी की छुट्टियों में मध्य प्रदेश के बांधवगढ़ के बाघ और कान्हा राष्ट्रीय पार्क का दीदार कराने की तैयारी की है। टाइगर एक्सप्रेस नाम की यह ट्रेन पूरी एसी (वातानुकूलित) है। आईआरसीटीसी का कहना है कि लोगों को ट्रेन पकड़ने के लिए दिल्ली आना होगा। उसके बाद की सारी जिम्मेदारी आईआरसीटीसी की रहेगी। इन दोनों नेशनल पार्क के अलावा यह ट्रेन लोगों को भेड़ाघाट और धुआंधार जलप्रताप देखने के लिए जबलपुर भी ले जाएगी।
विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर यह ट्रेन पांच जून को चलेगी। पांच रात एवं छह दिन के इस पैकेज में आईआरसीटीसी ने यात्रियों को काफी सुविधाएं देने का दावा किया है। पैकेज में पर्यटकों को तीन रात में से एक रात बांधवगढ़ में एवं मोगली कान्हा में दो रात तीन सितारा या इसके समकक्ष एसी युक्त स्टैंडर्ड कमरों में रुकवाया जाएगा। इसके अलावा कार में पर्यटन स्थलों का भ्रमण, अंतर्राष्ट्रीय मानक वाले बुफे भोजन, पानी की बोतल, खेल सफारी, इंटर सिटी स्थानांतरण और यात्रा बीमा भी पैकेज में शामिल है।
आईआरसीटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. एके मनोचा के मुताबिक भारतीय बाघों को देखना देशी एवं विदेशी यात्रियों के लिए एक बड़ा आकर्षण रहा है। टाइगर एक्सप्रेस भारत के प्रसिद्ध वन्य जीवन की चित्रकारी करने वाले लोगों के लिए किफायती और बाधा युक्त अनुभव प्रदान करेगा। इस कार्यक्रम के तहत पांच जून को ट्रेन दिन में 2.30 बजे सफदरगंज से चलेगी। ट्रेन में बर्थ पाने के लिए ऑनलाइन बुकिंग की जा सकती है। इसमें एक साथ दो एवं तीन बुकिंग कराने पर किराये में रियायत देने का भी प्रावधान किया गया है।