सिकंदरा में गाजी मिया की दरगाह।
- फोटो : संवाद।
सिकंदरा स्थित गाजी मियां की दरगाह पर रविवार को लगने वाले वार्षिक बड़े मेले के आयोजन की शासन ने अनुमति नहीं दी है। सवारी वाहनों को प्रतिबंधित कर दिया गया है। पांच सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) व पूर्व थानाध्यक्षों के नेतृत्व में टीम का गठन किया गया है, जो मजार पर किसी को भी अंदर जाने की अनुमति नहीं देगी।
सिकंदरा में सैयद सालार मसूद गाजी की मजार पर प्रत्येक रविवार और बुधवार को रौजा मेला लगता है। लोग प्रसाद चढ़ाने आते हैं। हर साल जेष्ठ के महीने में तीन दिनों के लिए वार्षिक मेले का आयोजन किया जाता है। पिछले वर्ष शासन की ओर से मेले को प्रतिबंधित कर मुख्य गेट पर ताला लगवा दिया गया था। मजार पर आने वाले अकीदतमंदों को छूट दी गई थी।
रविवार को वार्षिक मेले शुरुआत होनी है लेकिन पुलिस-प्रशासन ने अनुमति न मिलने का हवाला देते हुए एक बार फिर मेले पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
भीड़ को रोकने एवं कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए एसीपी सैफुद्दीन बेग, यशपाल सिंह, अरुण कुमार त्रिपाठी, शैलेंद्र सिंह परिहार और कुंजलता की तैनाती की गई है। शनिवार को देर शाम डीसीपी गंगानगर कुलदीप सिंह गुनावत ने पुलिस चौकी सिकंदरा में मातहतों के साथ बैठक कर दिशा निर्देश दिए। बहारिया थाना प्रभारी मानवेंद्र सिंह ने बताया कि पीएसी समेत अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।
गाजी मियां की मजार पर लगने वाले मेले को लेकर शासन की ओर से अनुमति नहीं दी गई। इस वजह से मेले पर रोक लगाई गई है। मजार पर जाने की भी अनुमति नहीं होगी।
- विवेक यादव, एसीपी फूलपुर।