सार
बहरिया में मां की डांट से नाराज 17 वर्षीय किशोरी अपने 14 वर्षीय बहन और 10 वर्षीय भाई को लेकर घर से निकल गई। तीनों के लापता होने के बाद पुलिस ने छह टीमें लगाईं। सीडीआर, इंस्टाग्राम और सीसीटीवी फुटेज की मदद से पुलिस ने तीनों को वाराणसी के मंडुआडीह रेलवे स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर लिया।
घर से निकले तीन बच्चे सकुशल बरामद।
- फोटो : संवाद।
बहरिया थाना क्षेत्र से लापता हुई दो नाबालिग बहनों और उनके 10 वर्षीय भाई को पुलिस ने छह दिन बाद वाराणसी से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के मुताबिक, 17 वर्षीय किशोरी मां की डांट से नाराज थी। वह अपनी 14 वर्षीय छोटी बहन और 10 वर्षीय भाई को साथ लेकर घर से निकल गई थी। 27 सितंबर को तीनों के लापता होने की शिकायत पर बहरिया थाने में मुकदमा दर्ज किया गया। बच्चों की तलाश के लिए पुलिस की छह टीमें गठित की गईं।
सीसीटीवी से मिला पहला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने पीड़िता और संदिग्ध मोबाइल नंबरों की सीडीआर और आईएमईआई रिपोर्ट का विश्लेषण किया। साथ ही किशोरी की तीन इंस्टाग्राम आईडी से संबंधित लॉग-इन आईपी, डिवाइस और चैट गतिविधियों की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस टीम ने फूलपुर क्षेत्र में 100 से अधिक स्थानों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। राहुल स्वीट हाउस के कैमरे में तीनों बच्चे रेलवे लाइन की ओर जाते दिखाई दिए। इसके बाद पुलिस को उनके वाराणसी जाने का सुराग मिला।
वाराणसी में चलाया सर्च ऑपरेशन
तकनीकी सर्विलांस से बच्चों की लोकेशन वाराणसी में मिलने के बाद बहरिया पुलिस की टीम वहां पहुंची। सर्च ऑपरेशन के दौरान तीनों को 3 अक्टूबर को मंडुआडीह रेलवे स्टेशन के पास से सकुशल बरामद कर लिया गया। दोनों नाबालिग बालिकाओं को सीडब्ल्यूसी के समक्ष पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।