संगम किनारे एक कार्यक्रम में शामिल होने आए नगर विकास मंत्री आजम खां ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आरएसएस मुझे प्रधानमंत्री बनाए, मैं अखंड भारत का सपना साकार करूंगा। बैंक खाते में 20 हजार रुपये जमा होने की आस में लोग ठगे गए हैं, लेकिन मैं लोगों के खाते में यह राशि पहुंचाऊंगा। कहा कि मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद बीफ का निर्यात ढाई गुना तक बढ़ गया।
उन्होंने कहा कि केंद्र के खजाने में वर्तमान में भारी-भरकम रकम है। यह खजाना सिर्फ पेट्रोलियम पदार्थों की वजह से बढ़ा है। कहा कि हिन्दुस्तान को भी तेल सस्ते दामों पर मिला, लेकिन उसे लोगों तक कम कीमत पर नहीं पहुंचाया गया। वह अयोध्या मुद्दे पर सुब्रमण्यम स्वामी द्वारा मुसलमानों पर की गई टिप्पणी पर बोले। कहा की हमारी बदनामी अयोध्या से शुरू हुई, जबकि हमने अपने विभाग को निर्देश दिए थे कि जब तक अयोध्या पक्ष की ओर से कोर्ट में अपील दायर नहीं होगी, हमारी ओर से कुछ नहीं किया जाएगा। इमारत गिराना रिश्तों को गिराने जैसा था। जो अयोध्या नहीं गए हैं, वहां जाकर देखें कि हिंदू-मुस्लिम के बीच कितनी एकता है। आजम ने मुसलमानों पर सुब्रमण्यम स्वामी के बयान की निंदा करते हुए सवालिया लहजे में कहा कि अब आप ही बताइये हम कहां जाएं।
नगर विकास मंत्री ने कहा कि हर किसी से यही कहा जाता है कि बापू की अस्थियां दिल्ली में है, यह गलत है। दिल्ली में तो उनका अंतिम संस्कार किया गया था। बापू की अस्थियां रामपुर में है। यहां बापू की समाधि बनवाई है, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर की है। हमने ‘बापू मॉल’ बनवाया है। राजस्थान में गायों के मरने के मामले में कहा कि वह खाना न मिलने की वजह से मरीं। मोदी पर हमलावर आजम ने कहा कि एक तरफ सरहद पर जवान शहीद हो रहे हैं वहीं दुश्मन की मां को शॉल दी जाती है, यह कैसा लोकतंत्र है।