डाल्फिन पब्लिक स्कूल में सीबीएसई हाई स्कूल की परीक्षा देती सऊदी अरब से आयी छात्रा। संवाद
- फोटो : pratapgarh
सऊदी अरब की रहने वाली आयशा सीबीएसई बोर्ड 10वीं की परीक्षा देने के लिए बेल्हा आई है। दरअसल कोरोना संक्रमण के चलते सऊदी अरब में लॉकडाउन है। वहां स्कूल व कालेज बंद होने की वजह से आयशा ने शहर से सटे छीटपुर स्थित डाल्फिन पब्लिक स्कूल का परीक्षा केंद्र चुना है। दरअसल वह शहर में एक रिश्तेदार के यहां रूककर परीक्षा दे रही है।
सउदी अरब के जेद्दा में रहने वाले भारतीय मूल के मोहिउद्दीन की बेटी आयशा अपने परिवार संग वहीं रहती है। वह सउदी स्थित सीबीएसई बोर्ड से संबद्ध इंटरनेशनल इंडियन स्कूल जेद्दा में 10वीं की छात्रा है। सउदी में कोरोना संक्रमण के चलते स्कूल कालेज बंद चल रहे हैं। 22 नवंबर से सीबीएसई बोर्ड ने 10वीं की सेमेस्टर परीक्षा शुरू है। परीक्षा में शामिल होने के लिए आयशा ने शहर से सटे डाल्फिन पब्लिक स्कूल को चुना है।
शहर में उसके रिश्तेदार रहते हैं। आयशा का पहला पेपर 30 नवंबर को था। वह परीक्षा से दो दिन पहले बेल्हा आई। 30 नंवबर का सोशल साइंस का पेपर था। दो दिसंबर को विज्ञान और 4 दिसंबर को मैथ का पेपर दिया। मंगलवार को आयशा ने अरबिक पेपर की परीक्षा दी। परीक्षा देने के बाद आयशा ने बताया कि लॉकडाउन की वजह से सउदी में स्कूल बंद था।
परीक्षा देने के लिए उसे परीक्षा केंद्र चुनने का मौका दिया गया था। बेल्हा में रिश्तेदार का घर है। ऐसे में मैने परीक्षा केंद्र यहां के लिए चुना। 11 दिसंबर को आयशा का आखिरी पेपर इंग्लिश लैंग्वेज का है। कालेज के प्रधानाचार्य मनोज ने बताया कि सउदी अरब से आयशा कालेज में 10वीं की परीक्षा दे रही है। मंगलवार को उसका अरबिक का पेपर था। 11 दिसंबर को उसका आखिरी पेपर है।