मिर्जापुर राजमार्ग पर शनिवार सुबह तेज रफ्तार बाइक और ऑटो की आमने-सामने टक्कर में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। हादसे में बाइक का अगला हिस्सा और ऑटो की सीएनजी पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई। पाइप से गैस का रिसाव होने लगा, लेकिन आग नहीं लगी, वरना हादसा और भयावह हो सकता था।
मिर्जापुर के जिगना थाना क्षेत्र के नेगुरा रिवई सिंह गांव निवासी दीपक सिंह (22) पुत्र केशराज सिंह माइक्रो फाइनेंस कंपनी में कार्यरत थे। शनिवार को चाकघाट स्थित कार्यालय में ध्वजारोहण के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।
इसी दौरान मिर्जापुर राजमार्ग पर टिकरी-धरांवनारा गांव के सामने पेट्रोल पंप के पास करीब 10:30 बजे सामने से आ रहे ऑटो से उनकी बाइक की भिड़ंत हो गई। ऑटो में चालक समेत चार लोग सवार थे।
मेजा के आखरी शाहपुर निवासी रंजू देवी (35) पति विनय कुमार के साथ बैजनाथ धाम गई थीं। वापसी में विंध्याचल धाम में दर्शन-पूजन करने के बाद दोनों ऑटो से घर लौट रहे थे। हादसे में दीपक सिंह, रंजू देवी और विनय कुमार समेत पांच लोग घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर राहगीरों की भीड़ जुट गई।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायल दो लोगों को शहर रेफर कर दिया। शहर के अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने दीपक सिंह और रंजू देवी को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शी नहवाई निवासी राहुल मिश्र के अनुसार, बाइक की रफ्तार अधिक थी। रंजू देवी की मौत की खबर घर पहुंचते ही बेटा अनित कुमार और बेटियां आंचल व अनन्या रो-रोकर बेहाल हो गईं। वहीं चार भाई-बहनों में सबसे छोटे और अविवाहित दीपक सिंह की मौत की खबर सुनकर परिजनों का हाल बेहाल हो गया।