झूंसी थाना क्षेत्र के पीडीए की त्रिवेणीपुरम कॉलोनी स्थित एक हास्पिटल में तकरीबन चार माह पहले अपने बच्चे को दिखाने पत्नी संग आए औरैया के एसडीएम कमल सिंह और उनकी पत्नी स्वाति सिंह पर महिला चिकित्सक डॉ. विभा राय से बदसलूकी, गालीगलौज करने व अस्पताल बंद कराने की धमकी दिए जाने का आरोप लगा है।
कोर्ट के आदेश पर एसडीएम औरैया कमल सिंह को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। घटना के बाद डॉ.विभा राय ने झूंसी पुलिस से शिकायत की थी लेकिन कार्रवाई न होने पर उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया। डॉक्टर के मुताबिक दस अगस्त को वह तकरीबन ग्यारह बजे ओपीडी कर रही थीं। तभी उनके स्टॉफ के पास एक फोन आया जिस पर कहा गया कि मैं एसडीएम फूलपुर बोल रहा हूं, मेरी एक पेशेंट वहां बैठी हैं, उन्हें तत्काल महिला चिकित्सक को दिखाया जाए। इसी बीच एसडीएम व उनकी पत्नी महिला चिकित्सक डॉ. विभा के चेंबर में जबरन घुस गईं।
डॉ. विभा राय का आरोप है कि उनके साथ बदसलूकी की गई। आरोप है कि कमल कुमार सिंह ने कहा कि मैं बहुत पावरफुल व्यक्ति हूं। तुम्हारा हॉस्पिटल बंद करवा दूंगा। डॉक्टर के मुताबिक इसके बाद उनके साथ गालीगलौज के साथ ही हाथापाई और चेंबर में तोड़फोड़ भी की गई।
इंसेट
फोन पर एसडीएम फूलपुर के नाम पर की गई थी सिफारिश
डॉ. विभा के पति डॉ. आलोक ने बताया कि फोन पर पहले एसडीएम फूलपुर बताकर महिला की ओपीडी जल्द करने की सिफारिश की गई थी। बाद में भी उसी नाम पर धमकाया। डॉ. आलोक ने एसडीएम फूलपुर के सीयूजी नंबर पर फोन कर बात की तो उन्होंने बताया कि उनकी ओर से कोई फोन नहीं गया था। बाद में सर्च करने पर एसडीएम कमल सिंह के बारे में पूरी जानकारी मिली और शिकायत दर्ज कराई। कोर्ट ने सभी सुबूतों सीसीटीवी फुटेज, शपथ-पत्र और प्रार्थना-पत्रों को देखा। पाया कि मामला गंभीर है। उन्होंने बताया कि मामले की अगली सुनवाई 25 नवंबर को होगी।
इनसेट
कुछ माह पहले तहसीलदार से एसडीएम बने हैं कमल सिंह
मूल रूप से गंगापार के हनुमानगंज के रहने वाले कमल कुमार सिंह तकरीबन पांच महीने तहसीलदार से प्रमोट होकर एसडीएम बने हैं। उनकी पहली पोस्टिंग बतौर एसडीएम औरैया जिले में हुई है। 27 जुलाई से वह औरैया जनपद के मुख्यालय में तैनात हैं। तकरीबन 41 वर्षीय अफसर कमल सिंह एसडीएम बनने से पहले आजमगढ़, मैनपुरी, रायबरेली और मिर्जापुर में तहसीलदार व नायब तहसीलदार के पद पर तैनात रह चुके हैं।
बहन को दिखाने गए थे, आरोप निराधार
औरैया। एसडीएम कमल सिंह ने बताया कि 10 अगस्त को वह बहन को दिखाने प्रयागराज स्थित अस्पताल गए थे। वहां नंबर लेने के बाद उन्होंने दो घंटे इंतजार किया। पूछने पर बताया गया कि डॉक्टर ऑपरेशन थिएटर में हैं। डाॅ. विभा ने एसडीएम पर चैंबर में घुसकर अभद्रता व गाली देने का आरोप लगाया है। वहीं, एसडीएम ने सभी आरोपों को निराधार बताया। कहा कि उन्होंने किसी से भी कोई अभद्रता नहीं की है। कहा कि वायरल वीडियो में डॉक्टर गाली देते दिख रही हैं।