AU's entrance exam must be postponed
प्रयागराज। इलाहाबाद विश्वविद्यालय (इविवि) एवं संघटक महाविद्यालयों में प्रवेश के लिए एक अगस्त से प्रस्तावित परीक्षा का स्थगित होना तय माना जा है। विश्वविद्यालय को 31 जुलाई तक बंद कर दिया गया है। इस दौरान शिक्षक घर से काम करेंगे। ऐसे में प्रवेश परीक्षाओं की तैयारियां पर भी असर पड़ेगा। इविवि प्रशासन अब केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्रालय से दिशा-निर्देश मिलने का इंतजार करना रहा है, ताकि प्रवेश परीक्षा का नया कार्यक्रम निर्धारित किया जा सके।
इविवि प्रशासन ने 16 मई को प्रवेश परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी किया था, जिसके तहत एक से चार अगस्त तक स्नातक की प्रवेश परीक्षा और इसके बाद अन्य पाठ्यक्रमों की प्रवेश परीक्षा होनी है। प्रवेश परीक्षाएं एक से 14 अगस्त तक प्रस्तावित है। हालांकि परीक्षा का प्रस्तावित कार्यक्रम जारी करने के साथ इविवि प्रशासन ने यह भी स्पष्ट कर दिया था कि परिस्थितियों को देखते हुए और सरकार की ओर से जारी होने वाली गाइडलाइन के तहत परीक्षा के प्रस्तावित कार्यक्रम में बदलाव किया जा सकता है। कोरोना के मामले अब तेजी से बढ़ने लगे हैं और इविवि के शिक्षकों को 31 जुलाई तक घर से काम करने के लिए कहा दिया गया है।
वहीं, प्रवेश परीक्षा के लिए प्रदेश के कई शहरों में केंद्र भी बनाए जाने हैं। इस बार बिहार के पटना में भी परीक्षा केंद्र बनाए जाने का निर्णय लिया गया है। वहीं दूसरी ओर से प्रयागराज समेत अन्य शहरों में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसे में इविवि की प्रवेश परीक्षाओं के लिए संबंधित जिला प्रशासन की ओर से केंद्र बनाने की अनुमति दिए जाने के आसार भी बहुत कम हैं। प्रवेश परीक्षा को लेकर लगभग सभी विश्वविद्यालयों की यही स्थिति है। प्रो. राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय ने तो परास्नातक में बिना परीक्षा के मेरिट के आधार पर प्रवेश लेने का निर्णय लिया है। वहीं, इविवि प्रशासन को मंत्रालय से दिशा-निर्देश जारी होने का इंतजार है। इविवि प्रवेश प्रकोष्ठ के निदेशक प्रो. प्रशांत अग्रवाल का कहना है कि इविवि के कार्यालयों को छोड़कर बाकी विभाग 31 जुलाई तक बंद हैं। मौजूद परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए एक अगस्त से प्रस्तावित प्रवेश परीक्षा को स्थगित करना पड़ेगा। मंत्रालय से दिशा-निर्देश मिलने के बाद ही इस मामले में कोई निर्णय लिया जाएगा।
प्रवेश के लिए अब तक 1.71 लाख रजिस्ट्रेशन
इविवि एवं संघटक कॉलेजों में प्रवेश के लिए रविवार शाम तक 171357 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा लिया और इनमें से 83874 अभ्यर्थियों ने ऑनलाइन शुल्क जमा करते हुए आवेदन की प्रक्रिया पूरी कर ली। स्नातक में प्रवेश के लिए 81678 एवं 47616, परास्नातक के लिए 36698 एवं 12858, बीएएलएलबी के लिए 9082 एवं 5468, एलएलबी के लिए 15004 एवं 9413, बीएड के लिए 4608 एवं 3054, एमएड के लिए 1014 एवं 683, एमबीए/एमबीएआडी के लिए 1487 एवं 956 और एलएलएम के लिए 3074 एवं 2449 क्रमश: रजिस्ट्रेशन एवं आवेदन हुए।