बमबाज गुड्डू मुस्लिम के घर भी नोटिस चस्पा
शाइस्ता परवीन के बाद मंगलवार को पांच लाख के इनामी बमबाज गुुड्डू मुस्लिम के घर कुर्की की कार्रवाई का नोटिस चस्पा किया गया। पुलिस ने उमेश पाल हत्याकांड में पांच महीने से फरार चल रहे आरोपी के शिवकुटी स्थित घर के बाहर मुनादी भी कराई।
इस दौरान घोषणा भी की गई कि तय अवधि में गुड्डू मुस्लिम हाजिर नहीं होता है तो कोर्ट से अनुमति लेकर उसकी संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम दोपहर में शिवकुटी के लाला की सराय स्थित गुड्डू मुस्लिम के पैतृक घर पर पहुंची। यहां ढोल बजवाकर मुनादी कराई गई और फिर दरवाजे पर नोटिस चस्पा किया गया। इस दौरान धूमनगंज के साथ शिवकुटी पुलिस भी मौजूद रही।
गुड्डू मुस्लिम का पैतृक घर लाला की सराय में है लेकिन वह उमेश पाल हत्याकांड से पहले चकिया में रहने लगा था। यह वही घर है जहां असलहों की तस्करी के मामले में पूछताछ के लिए बुलाने को दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने भी कुछ महीनों पहले नोटिस चस्पा किया था। फिलहाल इस घर में ताला लटका हुआ है। बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड में गुड्डू मुस्लिम पांच महीनों से फरार चल रहा है। उस पर पांच लाख का इनाम भी घोषित किया गया है।
इससे पहले सोमवार को अतीक की पत्नी शाइस्ता परवीन के उस मकान पर नोटिस चस्पा किया गया था, जहां वह किराये पर रहती थी। एसीपी वरुण कुमार ने बताया कि गुड्डू मुस्लिम के घर पर कुर्की की कार्रवाई से संबंधित नोटिस चस्पा किया गया है। अब अन्य फरार आरोपियों रूबी उर्फ जैनब, आयशा नूरी, साबिर व अरमान के घरों पर नोटिस चस्पा किया जाएगा।