होली से पहले एटीएम में नकदी संकट से राहत की उम्मीद है। कई बैंकों ने एजेंसी के बजाय खुद के स्तर पर एटीएम में पैसा रखने का निर्णय लिया है। साथ ही कैश डिलेवरी वैन के लिए दूसरे जिलों से मदद भी मांगी गई है। अफसरों का दावा है कि एक-दो दिनों में एटीएम में पैसा रखा जाने लगेगा।
एटीएम में नकदी का संकट लंबे समय से बना हुआ है। आरबीआई से 2000 के नोट की आपूर्ति करीब बंद हैं। इससे एटीएम में छोटे नोट रखने पड़ रहे हैं। इसके अलावा एटीएम में नकदी रखने के लिए बैंकों की ओर से तय एजेंसियों के पास मानक के अनुरूप कैश डिलेवरी वैन नहीं हैं। ऐसी एजेंसियों के वैन से नकदी रखने पर रोक लगा दी गई है। इसकी वजह से एटीएम में नकदी का गंभीर संकट बन गया है। बृहस्पतिवार को भी शहर के ज्यादातर एटीएम खाली रहे और लोग भटकते रहे। जहां पैसा था, वहां लंबी कतार लगी।
हालांकि, इस संकट से अब राहत के दावे किए जा रहे हैं। सभी बैंक प्रबंधकों की बैठक में समाधान पर विस्तार से चर्चा हुई। चूंकि एजेंसियों की ओर वे मानक के अनुरूप वैन के इंतजाम में समय लगने की बात कही जा रही है, ऐसे में बैंकों के स्तर पर ही समस्या के समाधान की पहल की गई है। इसके तहत ज्यादातर बैंकों ने शाखा परिसर के अलावा आसपास के अन्य एटीएम में भी कैश रखने की योजना बनाई है। इसके अलावा आसपास के जिलों से कैश डिलेवरी वैन की भी मांग की गई है। अग्रणी बैंक प्रबंधक ओएन सिंह का कहना है कि सभी बैंकों की ओर से इसके लिए प्रयास शुरू हो गए हैं। एक-दो दिनों में एटीएम में कैश भरे जाएंगे।