फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आधे से ज्यादा एटीएम रहे बंद, चक्कर लगाते रहे लोग

Wed, 16 Nov 2016 02:17 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
विज्ञापन
इलाहाबाद - फोटो : इलाहाबाद
विज्ञापन
कार्तिक पूर्णिमा की छुट्टी के बाद लोगोें को उम्मीद थी कि मंगलवार को सभी एटीएम खुलेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सोमवार की तरह मंगलवार को भी शहर के अधिकांश एटीएम बंद रहे। एक अनुमान के मुताबिक शहर में 60 फीसदी से ज्यादा एटीएम के शटर मंगलवार को बंद रहे। जिन एटीएम में लोगों को पैसा मिला भी तो महज चंद घंटे ही। लोगों में पैसे को लेकर इतनी बेकरारी थी कि उनके हाथों में चार से पांच तक एटीएम कार्ड थे। शायद इसी वजह से मंगलवार को जो एटीएम खुले वहां घंटे भर में ही कैश खाली हो गया। इस दौरान लाइन में लगे लोगों की ऐसे लोगों से बहस हुई जो चार से पांच एटीएम कार्ड यूजकर पैसा निकाल चुके थे।
विज्ञापन


दोपहर दो बजे के आसपास सिविल लाइंस स्थित एचडीएफसी की मुख्य ब्रांच पर एटीएम बूथ के बाहर लोगाें की लंबी लाइन थी। लाइन में लगे बहुत से लोगों के पास दो से पांच तक एटीएम कार्ड थे। यहां लाइन में लगे सिविल लाइंस के सौरभ मालवीय पसीने से तर बदर थे। उन्हें आशंका थी कि जब तक वे बूथ के अंदर पहुंचेंगे तब तक कहीं एटीएम से पैसा खत्म न हो जाए। ऐसा इसलिए क्योंकि उनके आगे कई लोग ऐसे थे जो तीन से चार एटीएम कार्ड लेकर खड़े थे। थोड़ी ही देर में सौरभ मालवीय की आशंका सही साबित हुई। उनके बूथ पहुंचने से पहले एटीएम का सारा कैश खत्म हो गया। इसी तरह दिन में ढाई बजे के आसपास खुल्दाबाद स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम पर भी लोगों की लंबी लाइन लगी हुई थी।

यहां पास में ही रहने वाले हिम्मतगंज के अरुण कुमार जो रेलकर्मी  है लाइन में लगे हुए थे। पैर में चोट होने की वजह से अरुण कुमार को खड़े होने में परेशानी हो रही थी। इस बीच वह लाइन में अपने से आगे लगे व्यक्ति को बताकर पास में ही छांव के नीचे बैठ गए। थोड़ी देर बाद उनके आगे खड़ा व्यक्ति एटीएम तक पहुंचा तो अरुण कुमार दुबारा लाइन में लगने आए, लेकिन पीछे खड़े व्यक्तियों ने उन्हें लाइन में लगने नहीं दिया।
विज्ञापन


कहा कि वे बिना लाइन में लगे ही पैसा निकालने का प्रयास कर रहे हैं। शोरशराबा हुआ तो एटीएम में उनसे आगे लगे व्यक्ति के बीचबचाव के बाद ही अरुण कुमार दुबारा अपने स्थान पर लाइन में लग सके। इसी तरह की तमाम दिक्कतों से जूझते हुए लोग मंगलवार को तमाम एटीएम के बाहर लंबी लाइन में लगे रहे। एडीए कालोनी नैनी के नागेश त्यागी एमजी मार्ग स्थित स्टेट बैंक ऑफ पटियाला में सुबह 11 बजे के आसपास लाइन में लगे थे। उन्होंने बताया कि नैनी क्षेत्र के अधिकांश एटीएम पिछले चार दिनों से शो पीस बने हुए हैं, इसी वजह से सिविल लाइंस आना पड़ा।

सरकार ने घोषणा की थी कि एटीएम से एक बार में ढाई हजार रुपये निकाले जा सकते हैं, लेकिन सोमवार को जो एटीएम काम कर रहे थे, वहां यह रकम नहीं निकली। लोग सिर्फ दो हजार रुपये ही निकाल सके। हालांकि मंगलवार को यह समस्या नहीं रही। जो एटीएम आज खुले वहां से लोगों ने ढाई हजार रुपये निकाले। बैंक अफसरों ने बताया कि सोमवार तक सॉफ्टवेयर अपडेट नहीं हुआ था, इसी वजह से दो हजार रुपये नहीं निकल पा रहे थे। 

मंगलवार को क्लाइव रोड पर आंध्र बैंक का एटीएम लगातार पांचवें दिन बंद रहा। इसी तरह विवेकानंद मार्ग में पीएनबी, विजया बैंक, एसबीआई, इंडियन ओवरसीज बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, आईसीआईसीआई, शिव चरण लाल रोड पर आईडीबीआई, केनरा बैंक, राजरूपपुर में एसबीआई, पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा, न्यू कटरा में यूनियन बैंक, एचडीएफसी, ऊंचवा गढ़ी में एसबीआई, ट्रैफिक पुलिस लाइंस में बैंक ऑफ बड़ौदा, राजापुर में एसबीआई, हाईकोर्ट के बाहर एसबीआई, यस बैंक, साउथ मलाका में यस बैंक, रामभवन में एचडीएफसी, सम्मेलन मार्ग में एसबीआई, दारागंज में एचडीएफसी, एक्सिस बैंक, अल्लापुर में पीएनबी, बैंक ऑफ बड़ौदा आदि के एटीएम बंद रहे। कुछ ऐसे भी रहे, जिसमें घंटे भर में ही पैसा खत्म हो गया। 

कई दिनों के बाद शहर के तमाम एटीएम के बाहर मंगलवार को महिलाओं, बुजुर्गों एवं दिव्यांगों के लिए अलग लाइन दिखी। खुल्दाबाद स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के एटीएम के बाहर लंबी कतार रही। यहां बाद में महिलाओं के लिए अलग लाइन लगवा दी गई। इसी तरह सिविल लाइंस स्थित एचडीएफसी बैंक की मुख्य शाखा में भी आज महिलाओं और बुजुर्गों को वरीयता दी गई। यहां एटीएम के बाहर तैनात गार्ड ने लाइन में लगे बुजुर्गों एवं महिलाओं की लाइन की अलग से व्यवस्था की। इसी तरह बैंक ऑफ बड़ौदा करेली, पीएनबी मीरापुर, इलाहाबाद बैंक कल्याणी देवी आदि ब्रांचों में भी महिलाओं के लिए अलग लाइन की व्यवस्था रही। 

गोविंदपुर स्थित एसबीआई की ब्रांच में लगे एटीएम में भीड़ का आलम ये रहा कि वहां कुछ स्टूडेंट चादर लेकर पहुंच गए। इंतजार लंबा होता देख वे चादर  बिछाकर बैठ  गए। इसी तरह आईसीआईसीआई बैंक की सिविल लाइंस शाखा के एटीएम के बाहर लगी लाइन में लगे कई लोग मंगलवार को चाय नाश्ते का प्रबंध करके पहुंचे। यहां लोगों ने वहां तैनात गार्ड को भी चाय नाश्ते के लिए पूछा। हाईकोर्ट के पास इलाहाबाद बैंक की मुख्य शाखा में भी लाइन में लगे लोगों ने लाई-चना, अमरूद, मूंगफली आदि खाकर अपना समय बिताया। 
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें