एटीएम खाली, शाखाओं में लगी लंबी कतार
एटीएम में नकदी नहीं होने का संकट बना हुआ है। होली के समय भी ज्यादातर एटीएम खाली रहने से शहरियों की मुसीबत और बढ़ गई है। इसका नतीजा रहा कि कैश निकालने के लिए महीने के तीसरे दिन मंगलवार को बैंक शाखाओं में ग्राहकों की लंबी कतार लगी।
अगले मंगलवार को होली है और इसकी तैयारी शुरू हो गई है। इसके अलावा नया महीना शुरू होने के बाद रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी लोगों को कैश की जरूरत रही लेकिन शहर के ज्यादातर एटीएम मंगलवार को भी खाली रहे। एक महीने से यह समस्या बनी हुई है। सिविल लाइंस, कर्नलगंज, कलक्ट्रेट के पास स्थित ज्यादातर एटीएम खाली रहे। जगराम चौराहा, मम्फोर्डगंज तथा कलक्ट्रेट के पास एक दर्जन बैंकों के एटीएम हैं लेकिन दो में ही पैसा रहा। यही स्थिति शहर के अन्य हिस्सों में भी रही।
ऐसे में लोगों को बैंक शाखाओं का सहारा लेना पड़ा। इलाहाबाद बैंक की सिविल लाइंस शाखा में बैंक खुलने के साथ ही लाइन लग गई और दोपहर तक बनी रही। संगम प्लेस स्थित पंजाब नेशनल, एसबीआई की पुलिस लाइन के सामने स्थित मुख्य शाखा में भी कैश निकालने के लिए लंबी कतार लगी। इस तरह की भीड़ ज्यादातर शाखाओं में रही और शहरियों को काफी देर तक लाइन में लगना पड़ा।