पुलिस ने बताया कि घटना 23 अप्रैल की शाम की है। आरोपी ने बताया है कि वह नशे का लती है। घटना वाले दिन वह चोरी की नीयत से अतीक के कार्यालय में पहुंचा था। इस दौरान उसका एक दोस्त भी था जो बाहर खड़े होकर निगरानी कर रहा था। इसके बाद वह उस कमरे की ओर गया जिसमेें 21 मार्च को पुलिस ने असलहे व 73 लाख रुपये बरामद किए थे।
उसे वहां रुपये मिलने की उम्मीद थी। लेकिन भीतर दाखिल होने के चक्कर में कांच लगने से उसके कलाई की नस कट गई जिससे वह लहुलुहान हो गया। इसके बाद वह भागते हुए खून पोंछने के लिए कपड़ा ढूंढ़ने लगा। इसी दौरान किचन के पास एक कपड़ा मिलने पर उसने उससे हाथ पोंछा लेकिन खून बंद न होने पर भाग निकला। इंस्पेक्टर खुल्दाबाद अनुराग शर्मा ने बताया कि आरोपी का शांतिभंग में चालान किया गया है।
...तो ये है खून से सने चाकू का राज
मौके से बरामद खून सने चाकू के बाबत पुलिस का कहना है कि चाकू वहां पहले से पड़ा था। भागते वक्त शाहरुख का ही खून चाकू पर गिर गया था।