बरेली जेल ले जाते वक्त बोला था, बड़े अफसर ने दी है हत्या की धमकी
अशरफ को 28 मार्च को पेशी के लिए बरेली जेल से प्रयागराज लाया गया था। रात में वापसी के दौरान उसने सनसनीखेज आरोप लगाए थे। कहा था कि उसे एक बड़े पुलिस अफसर ने हत्या कराने की धमकी दी है। कहा है कि दो हफ्ते में किसी बहाने से जेल से निकालकर उसकी हत्या करा दी जाएगाी। अशरफ ने यह भी बताया था कि यह धमकी उसे प्रयागराज में दी गई। जब उससे अधिकारी का नाम पूछा गया तो उसने नाम बताने से इन्कार कर दिया था। उसने यह भी कहा कि प्रिजन वैन में उसकी सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में उसे धमकी दी गई।
आश्वासन के बाद मुकरने की बात आई थी सामने
बता दें कि उमेश पाल हत्याकांड के तीन फरार शूटरों को लेकर अशरफ की ओर से आश्वासन देने के बाद मुकरने की बात सामने आई थी। उसने पुलिस अधिकारियों को आश्वासन दिया था कि वह तीन शूटरों को उनके हवाले कर देगा। ये वादा उसने उमेश पाल अपहरण केस में सजा सुनाए जाने के लिए बरेली जेल से प्रयागराज की अदालत में आने के दौरान किया था। हालांकि जैसे ही वह बरेली वापस जाने के लिए पुलिस की वैन पर सवार हुआ, मुकर गया। उसने वैन में सवार पुलिसकर्मियों से कहा कि वह किसी भी हाल में शूटरों को पुलिस को नहीं सौंपेगा। इसके बाद ही पुलिस ने असद और बाकी शूटरों की तलाश में पूरी ताकत झोंक दी थी और इसके बाद असद व गुलाम एनकाउंटर में मारे गए थे।