जोन के टाप 5 वांटेड की सूची में दूसरे नंबर पहुंचा अतीक का भाई
सूबे में भाजपा सरकार बनने के बाद से है फरार
प्रयागराज। राजू पाल हत्याकांड समेत अन्य मामलों में फरार आरोपी खालिद अजीम उर्फ अशरफ प्रयागराज जोन में डकैत बबुली कोल के बाद सबसे बड़ा इनामी बन गया है। मंगलवार देर रात एसएसपी ने अशरफ पर इनाम को 50 हजार से बढ़ाकर ढाई लाख करने की संस्तुति की है। अतीक का भाई अशरफ सूबे में भाजपा सरकार बनने के बाद से ही फरार चल रहा है। उसकी तलाश में न सिर्फ प्रयागराज पुलिस बल्कि एसटीएफ की सभी यूनिट को लगाया गया है।
प्रयागराज के सबसे बड़े हत्याकांडों में से एक राजूपाल हत्याकांड में अशरफ मुख्य आरोपी है। राजू पाल हत्याकांड में वह 2007 में भी फरार हुआ था। उस समय अशरफ पर दो लाख का इनाम घोषित हुआ था। 2010 में अशरफ की गिरफ्तारी दिल्ली से हुई थी। हालांकि बाद में उसे जमानत मिल गई थी। 2017 में भाजपा सरकार बनने के बाद ही अशरफ फरार हो गया था। उसके बाद से उसका कुछ पता नहीं चल पाया। अशरफ पर पहले पांच हजार, फिर 20 हजार और कुछ महीने पहले 50 हजार का इनाम घोषित हुआ था। नए एसएसपी अनिरुद्ध सत्यार्थ पंकज ने यहां आने के बाद अतीक से जुड़े मामलों की पूरी सूची मंगाई थी। उनकी पहल पर ही मंगलवार देर रात अशरफ पर ढाई लाख का इनाम घोषित करने की संस्तुति कर दी गई है। एसएसपी के मुताबिक जल्द से शासन से मंजूरी के बाद अशरफ ढाई लाख का इनामी बन जाएगा। इसके बाद उसे पकड़ने में और तेजी आएगी।
अशरफ की तलाश में पहले ही प्रयागराज समेत कई जिलों की पुलिस के साथ ही एसटीएफ की सभी यूनिट लगी हुई हैं। कुछ महीने पहले पता चला था कि वह हरियाणा में एक बड़े राजनीतिज्ञ के फार्महाउस में शरण लिए है। सूचना पर पुलिस टीम वहां गई भी लेकिन वह नहीं मिला। प्रयागराज जोन में इनामी अपराधियों की जो सूची है, उसमें डकैत बबुली कोल के बाद अशरफ सबसे बड़ा इनामी बन गया है। उसके अलावा टाप फाइव की लिस्ट में सभी बांदा, चित्रकूट और फतेहपुर के डकैत हैं। एसटीएफ के डिप्टी एसपी नवेंदु सिंह ने बताया कि एसटीएफ टीम भी उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है।
प्रयागराज जोन के टाप फाइव वांटेड अपराधी
1-बबुली कोल (डकैत) पांच लाख
2-खालिद अजीम उर्फ अशरफ ढाई लाख
3-गौरी यादव (डकैत) सवा लाख
4-लवलेश कोल (डकैत) एक लाख
5-बहारुद्दीन (डकैत) 50 हजार