अयोध्या स्थित अवध विश्वविद्यालय के एसोसिएट प्रोफेसर अवध नारायण से जमीन बेचने के नाम पर पांच लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। कर्नलगंज पुलिस ने जवाहरगंज ढहरिया निवासी अमित यादव के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। शिवकुटी के नयापुरा निवासी अवध नारायण ने पुलिस को बताया कि वह वर्तमान में अयोध्या के अवध विश्वविद्यालय में एसोसिएट प्रोफेसर के पद पर कार्यरत हैं। आरोप है कि वर्ष 2015 में अमित यादव से छोटा बघाड़ा में 200 वर्ग गज जमीन खरीदने के लिए पांच लाख रुपये में डील हुई थी। इसके एवज में उन्होंने तीन लाख रुपये नकद व दो लाख रुपये चेक के माध्यम से दिए।
आरोप है कि जब जमीन की रजिस्ट्री करने का दबाव बनाया तो अमित ने बार-बार पारिवारिक बंटवारे का बहाना बनाया। इसके बाद उसने खुद पर कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज होने और जेल जाने की वजह से टाल-मटोल किया। आरोप है कि फिर रजिस्ट्री के लिए दबाव बनाया तो उसने गालीगलौज कर धमकी दी। इस बीच एक परिचित लक्ष्मी शंकर व अन्य लोगों ने बताया कि अमित ने उनसे व अन्य लोगों से लाखों रुपये की धोखाधड़ी की है। अब तक न तो उसने जमीन लिखी और न ही रुपये लौटाए। इसकी शिकायत एसीपी कार्यालय में करने पर आरोपी ने असलहे के संग अपने कई साथियों को भेजकर गालीगलौज कर धमकी दी।