एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को 5,000 घूस लेते सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरएमओ) नीरज कुमार को गिरफ्तार किया है। नीरज पर मिर्जापुर बस अड्डे पर एक दुकान का ठेका समाप्त होने के बाद प्रतिभूति राशि (सिक्योरिटी मनी) वापस करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है।
एंटी करप्शन की टीम ने बुधवार को 5,000 घूस लेते सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरएमओ) नीरज कुमार को गिरफ्तार किया है। नीरज पर मिर्जापुर बस अड्डे पर एक दुकान का ठेका समाप्त होने के बाद प्रतिभूति राशि (सिक्योरिटी मनी) वापस करने के एवज में रिश्वत मांगने का आरोप है। बृहस्पतिवार को आरोपी को वाराणसी के एंटी करप्शन कोर्ट में पेश किया जाएगा। मिर्जापुर के थाना कोतवाली क्षेत्र के भीम सिंह गली निवासी मनीष कुमार सोनकर ने 16 जनवरी को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मिर्जापुर रोडवेज बस स्टेशन में उनकी जनरल मर्चेंट की दुकान थी।
विज्ञापन
इसका ठेका एक फरवरी 2021 से 31 जनवरी 2024 तक था। इसके लिए 28,800 सिक्योरिटी मनी जमा की थी। आरोप लगाया कि ठेका समाप्त होने के बाद यह राशि वापस मांगी तो नीरज ने 5000 रुपये मांगे। शिकायत पर एंटी करप्शन निरीक्षक राकेश बहादुर सिंह के नेतृत्व में 12 सदस्यीय टीम बनाई गई। बुधवार को कैंट थाना क्षेत्र स्थित उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय के स्थापना कक्ष के सामने रुपये लेते आरोपी को दबोच लिया गया। मूलरूप से बलिया के थाना नगरा के गांव भंडारी निवासी नीरज बेली कॉलोनी में रहकर नौकरी करता था।
रिश्वत मांगने पर इन नंबरों पर करें कॉल
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद कैंट थाने में एफआईआर पंजीकृत कराई गई है। वहीं, एंटी करप्शन की टीम अब कार्यालय में तैनात अन्य लोगों की भूमिका भी जांच कर रही है। एंटी करप्शन के अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि अगर कोई सरकारी कर्मचारी रिश्वत मांगता है तो उसके खिलाफ प्रयागराज (9454402490) और लखनऊ कंट्रोल रूम (9454402484) में शिकायत करें।