Assistant professor recruitment interview will continue
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) ने विज्ञापन संख्या 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के इंटरव्यू का आयोजन जारी रखने का निर्णय लिया है। साथ ही स्थगित किए गए दो दिन के साक्षात्कार की नई तिथि आयोग ने घोषित कर दी है। यह फैसला आयोग ने मामले में विधिक राय लेने के बाद किया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने ओबीसी आरक्षण में गड़बड़ी की शिकायत पर विज्ञापन संख्या 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा का इंटरव्यू रोकने का निर्देश जारी किया था। इस निर्देश के बाद आयोग ने 12 एवं 13 सितंबर को प्रस्तावित अर्थशास्त्र, शारीरिक शिक्षा एवं कीट विज्ञान विषय के अभ्यर्थियों का इंटरव्यू स्थगित कर दिया था। साथ ही इस पूरे मामले में विधिक राय ली थी। विधिक राय के आधार पर आयोग ने इंटरव्यू की प्रक्रिया जारी रखने का निर्णय लिया है। साथ ही 12 सितंबर को स्थगित किया गया इंटरव्यू अब 30 सितंबर और 13 सितंबर को स्थगित किया गया इंटरव्यू एक अक्तूबर को कराया जाएगा।
अभ्यर्थी संशोधित साक्षात्कार पत्र आयोग के पोर्टल ‘www.uphesconline.org’ से 14 सितंबर से डाउनलोड कर सकते हैं। शेष विषयों के साक्षात्कार पूर्व निर्धारित तिथियों पर ही होंगे। 13 सितंबर के बाद अगला साक्षात्कार 17 सितंबर प्रस्तावित है, जो अब निर्धारित समय पर ही होगा। आयोग की सचिव वंदना त्रिपाठी ने बताया कि मामले में विधिक राय ली गई थी और इससे संतुष्ट होने के बाद ही शुक्रवार को हुई आयोग की बैठक में साक्षात्कार जारी रखने का निर्णय लिया गया। उधर, अभ्यर्थियों ने भी इंटरव्यू जारी रखने की मांग को लेकर शुक्रवार को आयोग में ज्ञापन सौंपा।
लिखित परीक्षा, इंटरव्यू के अंक बताए जाएंगे
- यूपीएचईएससी की शुक्रवार को हुई बैठक में यह निर्णय भी लिया गया कि विज्ञापन संख्या 47 के तहत समस्त विषयों का चयन परिणाम घोषित होने के बाद साक्षात्कार के लिए आमंत्रित सभी अभ्यर्थियों के लिखित परीक्षा एवं साक्षात्कार के अंक आयोग के पोर्टल पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। विज्ञापन संख्या 47 के तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। अब तक 16 विषयों का अंतिम चयन परिणाम भी घोषित हो चुका है। दूसरे चरण का साक्षात्कार 20 सितंबर तक चलेगा और 23 सितंबर से तीसरे चरण का साक्षात्कार शुरू हो जाएगा।