प्रदेश के अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक (एडेड) कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर पद के लिए आज बृहस्पतिवार से परीक्षा शुरू हो रही है। दो दिनों तक होने वाली इस परीक्षा के लिए प्रदेश के छह मंडल मुख्यालयों पर केंद्र बनाया गया है। यह परीक्षा प्रयागराज, आगरा, मेरठ, गोरखपुर, लखनऊ और वाराणसी जनपद में होगी।
परीक्षा दो पालियों में कराई जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक चलेगी। दूसरी पाली दोपहर 2:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक होगी। परीक्षा में किसी तरह की सेंधमारी न हो सके इसके लिए एसटीएफ व एलआईयू की टीमें सक्रिय की गई है।
यह परीक्षा उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से कराई जा रही है। कुल 1,936 पदों के लिए परीक्षा आयोजित हो रही है। इसके लिए कुल 1,27,571 अभ्यर्थी पंजीकृत हैं जो परीक्षा में शामिल होंगे। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार की ओर से बताया गया है कि परीक्षा को लेकर आयोग की ओर से विशेष फोकस किया जा रहा है।
प्रयागराज स्थित मुख्यालय में स्थापित अत्याधुनिक एआई कमांड कंट्रोल रूम एक्टिव रहेगा, जहां से सभी केंद्रों की निगरानी की जाएगी। आयोग के उप सचिव संजय कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर सख्ती रहेगी। किसी भी स्थिति में संदिग्ध व्यक्ति परीक्षा केंद्र के अंदर नहीं जा सकेगा।