इंटरनेट सेवाएं बाधित होने के कारण उच्च शिक्षा निदेशालय ने विज्ञापन संख्या 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयिनत अभ्यर्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग की तिथि बढ़ा दी है। काउंसलिंग अब 27 दिसंबर तक चलेगी। काउंसलिंग की तिथि बढ़ने के कारण डाटा प्रोसेसिंग और परिणाम की तिथि भी आगे बढ़ाई गई है। 31 दिसंबर को अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र जारी कर दिया जाएगा।
प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती होनी है। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग अब तक 31 विषयों का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर चुका है और इनमें से 25 विषयों में चयनित अभ्यर्थियों की नियुक्ति के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय ने 21 से 24 दिसंबर तक ऑनलाइन काउंसलिंग कराने का निर्णय लिया था लेकिन प्रयागराज में 21 एवं 22 दिसंबर को इंटरनेट सेवा पूरी तरह से ठप रहीं।
वहीं, 23 दिसंबर को दोपहर तक भी इंटरनेट सेवा बाधित रही। ऐसे में ऑनलाइन विकल्प भरने के लिए अभ्यर्थियों के पास केवल एक दिन का समय बाकी रह गया। अगर अभ्यर्थी एक साल ऑनलाइन काउंसलिंग के तहत कॉलेजों के विकल्प भरते तो वेबसाइट पर लोड बढ़ जाता और ज्यादातर अभ्यर्थी इससे वंचित रह जाते।
इसी के मद्देनजर उच्च शिक्षा निदेशालय ने अब 24 से 27 दिसंबर तक ऑनलाइन विकल्प भरने की तिथि निर्धारित की है। इस दौरान संस्कृत, सैन्य विज्ञान, गणित, कृषि वनस्पति, भौतिक विज्ञान, दर्शन शास्त्र, कृषि अभियंत्रण, कृषि अर्थशास्त्र, पादप रोग, कीट विज्ञान, वनस्पति विज्ञान, उदू, वाणिज्य, मनोविज्ञान, प्राचीन इतिहास, कृषि सांख्यिकी, संगीत गायन, कृषि प्रसार, कृषि रसायन, उद्यानिकी, कृषि शस्य विज्ञान, प्राणी विज्ञान, रसायन विज्ञान, गृह विज्ञान, पशुपालन एवं दुग्ध विज्ञान विषय के चयनित अभ्यर्थी ऑनलाइन विकल्प भरेंगे।
डाटा प्रोसेसिंग की तिथि 30 एवं 31 दिसंबर और परिणाम की तिथि 31 दिसंबर निर्धारित की गई है। यानी साल के आखिरी दिन चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र ऑनलाइन मिल जाएगा।
राज्य विवि में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन तिथि बढ़ी
प्रो. राजेंद्र सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन की तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी गई है। पिछले दिनों इंटरनेट सेवा बंद होने के कारण विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। राज्य विश्वविद्यालय में शिक्षक भर्ती के लिए 22 नवंबर से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया शुरू हुई थी। आवेदन की अंतिम तिथि 22 दिसंबर निर्धारित की गई थी लेकिन 19 से 22 दिसंबर तक इंटरनेट सेवा पूरी तरह से बंद रही और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी आवेदन करने से वंचित रह गए।
उन्होंने अभ्यर्थियों ने राज्य विश्वविद्यालय प्रशासन के समक्ष यह समस्या रखी, जिसके बाद कुलपति प्रो. संगीता श्रीवास्तव के निर्देश पर आवेदन पत्र ऑनलाइन भरे जाने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 दिसंबर कर दी गई। रजिस्ट्रार शेषनाथ पांडेय के अनुसार जिन अभ्यर्थियों ने अब तक ऑनलाइन आवेदन फॉर्म नहीं भरा है, वे ऑनलाइन आवेदन फॉर्म भरकर उसकी हार्ड कॉपी स्पीड पोस्ट या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से 31 दिसंबर तक विश्वविद्यालय को उपलब्ध करा दें।