प्रयागराज। विज्ञापन संख्या 46 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के चार विषयों की प्रतीक्षा सूची (अतिरिक्त सूची) में शामिल अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर का सत्यापन पूरा हो गया है। अभ्यर्थियों को अब काउंसलिंग शुरू होने का इंतजार है। उच्च शिक्षा निदेशक की ओर से अभ्यर्थियों को पहले ही यह आश्वासन दिया जा चुका है कि 19 अगस्त तक काउंसलिंग की सूचना वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
नियम है कि किसी की मृत्यु, इस्तीफे या अन्य कारणों से अशासकीय कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर का पद रिक्त होता है तो प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों को नियुक्ति दी जाए। इसी नियम का हवाला देकर प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थी काफी समय से नियुक्ति की मांग कर रहे हैं। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से मिलकर अभ्यर्थियों ने ज्ञापन भी दिया। पिछले दिनों उच्च शिक्षा निदेशालय में बेमियादी धरना-प्रदर्शन किया, जिसके बाद अभ्यर्थियों से उनके मोबाइल नंबर एवं ई-मेल के बारे में सूचना मांगी गई और उच्च शिक्षा निदेशक ने आश्वासन दिया कि मोबाइल नंबर का सत्यापन पूरा होने के बाद 19 अगस्त तक काउंसलिंग की सूचना निदेशालय की वेबसाइट पर जारी कर दी जाएगी।
सूत्रों के मुताबिक अर्थशास्त्र, गणित, राजनीति शास्त्र और बीएड विषय के अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर के सत्यापन के लिए उन्हें फोन किया गया है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। ऐसे में अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि निदेशक से मिलने आश्वासन के आधार पर सोमवार को काउंसलिंग की सूचना जारी की जा सकती है। हालांकि, अप्रैल में निदेशालय ने विज्ञापन संख्या के 46 के 22 अन्य विषयों की प्रतीक्षा सूची में शामिल अभ्यर्थियों के बारे में सूचना मांगी थी, लेकिन अब तक उनकी काउंसलिंग नहीं कराई गई। ऐसे में उच्च शिक्षा निदेशालय सभी विषयों की काउंसलिंग एक साथ करा सकता है।