प्रदेश के अशासकीय कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए दूसरे चरण की लिखित परीक्षा शहर के 35 केंद्रों में आयोजित की जाएगी। उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र भी जारी कर दिए हैं।
अभ्यर्थी परीक्षा के आयोजन को लेकर असमंजस में थे। उन्हें प्रवेशपत्र जारी होने का इंतजार था। आयोग की ओर से अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र जारी कर दिए गए हैं। पहले चरण में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 23 और विज्ञापन संख्या 46 के तहत एक विषय में असिस्टेेंट प्रोफेसर की भर्ती के लिए 15 दिसंबर को लिखित परीक्षा आयोजित की थी। कुल 24 विषयों की परीक्षा के लिए 15144 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे।
पांच जनवरी को होने वाले दूसरे चरण की परीक्षा विज्ञापन संख्या 47 के तहत छह विषयों के लिए होनी है, लेकिन इसमें आवेदकों की संख्या 17 हजार से अधिक है। इसलिए पिछली बार के मुकाबले इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या अधिक होगी। दूसरे चरण में हिंदी, अर्थशास्त्र, उर्दू, रसायन विज्ञान, इतिहास एवं शारीरिक शिक्षा में असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिखित परीक्षा होनी है। तीसरे और आखिरी चरण की परीक्षा 12 जनवरी को भूगोल, शिक्षाशास्त्र, समाजशास्त्र, गृह विज्ञान, वाणिज्य एवं गणित विषय के लिए होगी।