हिंदी के 166, समाजशास्त्र के 273 पदों पर होनी है भर्ती
इसी सप्ताह जारी होगा अंग्रेजी और इतिहास विषय का रिजल्ट
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर हिंदी और समाजशास्त्र विषय के लिए इंटरव्यू बुधवार से शुरू होने जा रहा है। वहीं, अंग्रेजी और इतिहास विषय के अंतिम चयन परिणाम भी आयोग इसी सप्ताह जारी कर देगा और इसके साथ ही अन्य दो विषयों राजनीतिशास्त्र एवं शिक्षाशास्त्र विषय का इंटरव्यू कार्यक्रम भी घोषित करेगा।
प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालय में विज्ञापन संख्या 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती की जानी है। अब तक 29 विषयों का रिजल्ट जारी किया जा चुका है। अंग्रेजी और इतिहास विषय का इंटरव्यू पूरा हो चुका है। दोनों विषयों का अंतिम चयन परिणाम भी तैयार कर लिया गया है। बुधवार को इन दोनों विषयों के परिणाम जारी होने की उम्मीद है।
विज्ञापन संख्या 47 के तहत असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों में से अधिक से अधिक 660 पद हिंदी, समाजशास्त्र, राजनीतिशास्त्र और शिक्षाशास्त्र विषय में हैं। हिंदी में असिस्टेंट प्रोफेसर के 166 और समाजशास्त्र में असिस्टेंट प्रोफेसर के 273 पदों पर भर्ती के लिए इंटरव्यू 13 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। वहीं, आयोग इसी सप्ताह राजनीतिशास्त्र और शिक्षाशास्त्र विषय में भी असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती के लिए इंटरव्यू की तिथि जारी करने जा रहा है।