बिना शपथ पत्र किसी भी अभ्यर्थी की स्वीकार नहीं होगी शिकायत
शिकायतकर्ता को लगानी होगी आधार की स्व हस्ताक्षरित छाया प्रति
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) की तर्ज पर अब उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग (यूपीएचईएससी) भी केवल शपथ पत्र पर शिकायतें स्वीकार करेगा। इसके बिना किसी भी अभ्यर्थी की शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी। यह निर्णय बृहस्पतिवार को हुई आयोग की बैठक में लिया गया।
कुछ दिनों पहले ही यूपीपीएससी ने यह व्यवस्था लागू की है। इसी तर्ज पर उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने भी शपथ पत्र पर शिकायत अनिवार्य कर दी है। बृहस्पतिवार को हुई आयोग की बैठक में निर्णय लिया गया कि अभ्यर्थियों की शिकायतें अब केवल शपथ पत्र पर ही स्वीकार की जाएंगी, जिसमें आधार की स्व हस्ताक्षरित छाया प्रति भी अनिवार्य रूप से संलग्न होनी चाहिए। बिना शपथ पत्र और आधार की स्व प्रमाणित छाया प्रति के अभ्यर्थियों से कोई भी शिकायत स्वीकार नहीं की जाएगी। सूत्रों का कहना है कि यह निर्णय इसलिए लिया गया ताकि फर्जी शिकायतों पर लगाम लगाई जा सके। आयोग में आने वाली ज्यादातर शिकायतें गलत तथ्यों पर आधारित होती थीं और इन शिकायतों की जांच में आयोग के अन्य कामकाज प्रभावित हो रहे थे। उम्मीद जताई जा रही है कि इस व्यवस्था के लागू होने के बाद शिकायतें गंभीरता के साथ की जाएंगी।
असिस्टेंट प्रोफेसर के पांच पदों का परिणाम घोषित
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग ने बृहस्पतिवार को असिस्टेंट प्रोफेसर कृषि वनस्पति विज्ञान के पांच पदों का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया। इनमें तीन पद सामान्य, एक ओबीसी और एक पद एससी वर्ग के लिए आरक्षित है। बृहस्पतिवार को हुए इंटरव्यू में 27 अभ्यर्थियों को बुलाया गया था और इनमें से 24 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। साक्षात्कार पूरा होने के कुछ देर बाद ही आयोग ने इस विषय का अंतिम चयन परिणाम घोषित कर दिया।
वाणिज्य विषय के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग आज से
पांच विषयों में प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों की भी काउंसलिंग
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की ओर से विज्ञापन संख्या 46 के तहत वाणिज्य विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पद पर चयनित अभ्यर्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग चार से आठ अक्तूबर तक होगी। इसके साथ ही विज्ञापन संख्या 46 के तहत प्राचीन इतिहास, बीएड, अंग्रेजी, राजनीतिशास्त्र एवं जंतु विज्ञान विषयों की प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों की काउंसलिंग होगी।
विज्ञापन संख्या 46 के तहत वाणिज्य विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा विज्ञापन संख्या 47 के तहत हुई असिस्टेंट प्रोफेसर भर्ती परीक्षा के साथ आयोजित की गई थी। 29 जुलाई से 17 अगस्त तक इस विषय के अभ्यर्थियों का साक्षात्कार आयोजित किया गया और इसके बार परिणाम जारी कर दिया गया। वाणिज्य विषय में चयनित अभ्यर्थियों और अन्य पांच विषयों की प्रतीक्षा सूची के अभ्यर्थियों को ऑनलाइन काउंसलिंग के दौरान महाविद्यालयों का विकल्प भरकर लॉक करना है। उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. वंदना शर्मा के अनुसार वेबसाइट ‘hiedup.upsdc.gov.in’ पर ऑनलाइन काउंसलिंग होगी। इसके लिए वेबसाइट आठ अक्तूबर की मध्य रात्रि 12 बजे तक खुली रहेगी।