अतीक अहमद की लगभग 110 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति कुर्क होने के बाद उसके करीबी मदन लाल भारतीया पर पुलिस के साथ अब राजस्व विभाग की भी नजर टिक गई है। असदुल्लापुर भीटी और गौसपुर कटहुला में मदन लाल के नाम दर्ज करीब 20.38 बीघा जमीन पर कुर्की की कार्रवाई के बाद प्रशासन ने मामले में आगे की कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, अतीक ने अपराध से अर्जित धन से जमीन खरीदी थी और उसे मदन लाल के नाम पर बेनामी तरीके से दर्ज कराया गया था। पुलिस आयुक्त न्यायालय के आदेश के बाद एसीपी सिविल लाइंस के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को संपत्तियों की कुर्की की। इन 44 जमीनों का क्षेत्रफल करीब 5.11 हेक्टेयर और सरकारी कीमत करीब 47 करोड़ रुपये बताई गई है, जबकि बाजार मूल्य करीब 110 करोड़ रुपये आंका गया है।
पुलिस के बाद राजस्व टीम की बारी
मामले में अब राजस्व विभाग की भूमिका भी अहम हो गई है। एसडीएम सदर की ओर से मदन लाल के नाम दर्ज 6.50 हेक्टेयर जमीन को राज्य सरकार के बंजर खाते में दर्ज किए जाने की कार्रवाई पहले ही की जा चुकी है। कुर्क संपत्तियों की खरीद-बिक्री पर रोक के साथ उनकी निगरानी की जिम्मेदारी भी तय की गई है।
पत्राचार के बाद तेज हुई कार्रवाई
अपर पुलिस आयुक्त डॉ. अजय पाल ने डीसीपी नगर को चार बार पत्र भेजकर कार्रवाई की आख्या मांगी थी। 15 अगस्त को रिमाइंडर भेजकर जिलाधिकारी को भी स्थिति से अवगत कराया गया। इसके बाद 18 अगस्त को डीएम ने एडीएम सिटी और एसडीएम सदर को कार्रवाई और आख्या के निर्देश दिए।अब पुलिस के बाद राजस्व विभाग की निगाहें भी मदन लाल से जुड़ी संपत्तियों और रिकॉर्ड पर हैं।