प्रयागराज जंक्शन के पावर कंट्रोल सेंटर से कुंभ 2019 की तर्ज पर संगम क्षेत्र से आने वाली भीड़ का आकलन किया जाता रहा। इस दौरान संगम और परेड क्षेत्र में लगे कैमरों की लाइव फुटेज देखने के बाद ही जंक्शन पर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की प्लानिंग की गई। यहां से अयोध्या के लिए ट्रेन चलाए जाने की योजना नहीं थी, लेकिन वहां जाने वाले यात्रियों की संख्या को देखते हुए अयोध्या के लिए स्पेशल ट्रेन चला दी गई। इससे यात्रियों को भी राहत मिली।
जंक्शन पर संगम, मेला क्षेत्र के साथ ही शहर के सभी रेलवे स्टेशनों पर लगे सीसीटीवी फुटेज कैमरे की लाइव फुटेज कंट्रोल रूम में बैठे अधिकारी देखते रहे। इन सभी स्थानों पर लगे कुल 312 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज यहां लगातार आती रही। बीच में दोपहर 11 बजे जंक्शन पर अचानक भीड़ बढ़ गई। सीसीटीवी से देखा गया तो मालूम पड़ा कि यात्री आश्रय स्थल भर गया है। यह देखते ही सीनियर डीसीएम हिमांशु शुक्ला ने स्पेशल ट्रेन को रेडी रखने का निर्देश दे दिया। कुछ ही देर में सीनियर डीएससी विजय पंडित कुछ जवानों के साथ प्लेटफार्म पर पहुंच गए। वहां यात्रियों को व्यवस्थित कर उन्हें स्पेशल ट्रेन में बैठाया गया। इसी बीच सिकंदराबाद एवं नौतनवा एक्सप्रेस के भी आ जाने से बड़ी राहत मिली। वहीं अयोध्या जाने वाले यात्रियों की तादाद को देखते हुए सीनियर डीसीएम ने दोपहर में प्रयागराज जंक्शन से अयोध्या के लिए ट्रेन चलवा दी। जो पूरी भरी गई।
बुजुर्ग यात्रियों का सहारा बनी आरपीएफ, ट्रेन में चढ़ाने एवं उतरने में की मदद
प्रयागराज जंक्शन पर बुजुर्ग यात्रियों की आरपीएफ जवानों ने खूब मदद की। इस दौरान तमाम बुजुर्ग यात्रियों को ट्रेेनों में चढ़ाने एवं उतारने में मदद की गई। कुछ बुजुर्ग यात्रियों को प्लेटफार्म नंबर एक से दूसरे प्लेटफार्म तक व्हील चेयर की मदद से लाया गया। भदोही से संगम स्नान के बाद जंक्शन पहुंची बुजुर्ग महिला यात्री सुशीला यादव ने बताया कि जंक्शन तक पैदल आने से वह काफी थक गई थी। इसी बीच आरपीएफ का एक जवान उनके लिए व्हील चेयर लेकर आ गया। इसके बाद व्हील चेयर से महिला को प्लेटफार्म नंबर सात पर छोड़ा गया। ऐसे ही तमाम यात्रियों की आरपीएफ ने मदद की।