अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त लगभग 20,000 पदों पर पुरानी नियमावली से विज्ञापन जारी किए जाने की मांग को लेकर युवा मंच, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जन सत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भइया' को ज्ञापन सौंपा।
अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में रिक्त लगभग 20,000 पदों पर पुरानी नियमावली से विज्ञापन जारी किए जाने की मांग को लेकर युवा मंच, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जन सत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह 'राजा भइया' को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन प्राप्त करने के उपरांत राजा भइया ने कहा कि वे वर्तमान में विपक्ष में हैं, लेकिन प्रतियोगी छात्रों की आवाज को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पूरी मजबूती के साथ पहुंचाएंगे। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की मांग उचित है तथा बिना पूर्व सूचना के नियमावली में अचानक परिवर्तन करना न्यायोचित नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस विषय को गंभीरता से उठाया जाएगा।
विज्ञापन
युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह ने बताया कि 16 सितंबर 2025 को नई नियमावली का गजट जारी होने के बाद लगभग 5 से 7 लाख प्रतियोगी अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बिना किसी पूर्व सूचना के नई नियमावली लागू कर वर्षों से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यताओं को अप्रभावी बना देना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण एवं अन्यायपूर्ण है। उन्होंने मांग की कि अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों के लगभग 20,000 रिक्त पदों पर पुरानी नियमावली के अनुसार शीघ्र विज्ञापन जारी किया जाए, जिससे लाखों अभ्यर्थियों के हित सुरक्षित रह सकें। इस अवसर पर अमित पांडेय, एलके चौधरी,अखिलेश वर्मा, सुरजीत सिंह ,अमित पांडेय, भानु प्रताप शुक्ला, केडी वर्मा, बृजेश सिंह, आदित्य पाल, गंगा प्रसाद यादव, कपिल देव, पंकज त्रिपाठी, साधना सिंह,अनीता चौरसिया, प्रियंका मिश्रा सहित बड़ी संख्या में प्रतियोगी छात्र एवं युवा मंच के पदाधिकारी उपस्थित रहे।