कार में अगवा कर मांगे 20 लाख
20 जून को एक और मामला तब सामने आया जब पूरामुफ्ती थाने में प्राॅपर्टी डीलर मशहूद अहमद ने अतीक के शूटर फरहान, मल्ली समेत चार पर केस दर्ज कराया। आरोप लगाया कि बम्हरौली जाते वक्त फरहान के कहने पर उसे कार में अगवा कर लिया गया। फिर 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। इस मामले में भी फरहान का बी वारंट जारी कराने के अलावा अन्य आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
एक करोड़ की मांगी रंगदारी
28 मई को पूरामुफ्ती में अतीक के करीबी ब्लॉक प्रमुख व गोतस्कर गिरोह सरगना मो. मुजफ्फर व उसके छह भाइयों के खिलाफ एक करोड़ रंगदारी मांगने का केस दर्ज हुआ। सरायअकिल निवासी किसान रामजीवन ने आरोप लगाया कि शहर जाते वक्त आरोपियों ने उसे रोककर मारापीटा और जान से मारने की धमकी देकर एक करोड़ रंगदारी मांगी। मामले में मुजफ्फर को राहत मिल गई है लेकिन अन्य आरोपियों की भी अब तक गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
हिस्ट्रीशीटर प्रधान ने मांगा गुंडा टैक्स
इससे पहले मई में ही करेली में नूर अख्तर से अतीक के करीबी बख्शीमोढ़ा प्रधान मुबारक समेत चार पर 50 लाख रंगदारी मांगने का केस दर्ज हुआ। नूर की बहन रुखसाना राजूपाल हत्याकांड की गवाह रही है जिस पर हुए हमले में वह चश्मदीद गवाह है। उसने बताया कि आरोपियों ने गवाही न देने को धमकाया व रंगदारी मांगी। अब तक इस मामले में आरोपियों पर कार्रवाई नहीं हो सकी है।
1.20 करोड़ वसूली थी रंगदारी
26 अप्रैल को बिल्डर मो. मुस्लिम ने खुल्दाबाद थाने में अतीक के बेटे उमर, अली समेत छह लोगों पर केस दर्ज कराया था। उमर, अली व असाद कालिया का पुलिस ने बी वारंट बनवा लिया है लेकिन अन्य तीन आरोपियों का पता ढाई महीने बाद भी नहीं हासिल कर पाई है।
एक करोड़ रंगदारी मांगने में छका रहे नौ आरोपी
11 अप्रैल को साबिर हुसैन ने धूमनगंज थाने में एक करोड़ रंगदारी मांगने के आरोप में 12 पर रिपोर्ट दर्ज कराई। इनमें उमर, अली व असाद कालिया जेल में हैं लेकिन अन्य नौ आरोपियों तक पुलिस लगभग तीन महीने बीतने के बाद भी नहीं पहुंच पाई है। इनमें अतीक का चचेरा भाई असलम मंत्री भी शामिल है।
जो आरोपी जेल में हैैं, उनके बी वारंट बनवा लिए गए हैं। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। कुछ मुकदमे में पूर्व के हैं, ऐसे में साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं। - दीपक भूकर, डीसीपी नगर