अवैध निर्माण हटाने को सेना ने की नापजोख
कल मेला क्षेत्र में तीनों प्रशासनिक भवनों पर सेना करेगी कब्जा
प्रयागराज। परेड क्षेत्र में अवैध कब्जे के खिलाफ सेना की कार्रवाई रविवार से शुरू हो जाएगी। शुक्रवार को एक बार फिर से मेला क्षेत्र में सेना ने नापजोख की। साथ ही अवैध कब्जेदारों को चेताया कि वह खुद ही अपने कब्जे हटा लें, अन्यथा रविवार को सेना खुद ही अवैध कब्जे हटाएगी। इस बीच सेना की नापजोख से परेड क्षेत्र में हड़कंप मच गया। उधर, सेना ने एक बार फिर दोहराया कि रविवार को परेड स्थित मेला के एसएसपी कार्यालय एवं मेला प्रशासन के दो अन्य प्रशासनिक भवन को भी वह अपने कब्जे में ले लेगी।
परेड मैदान पर बने एसएसपी कार्यालय को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा है। सेना की ओर से इसे गिराने की तैयारी चल रही थी। लेकिन, पिछले माह जिला प्रशासन के अफसरों द्वारा मौके पर पहुंचने एवं वार्ता के बाद तब यह कार्रवाई स्थगित कर दी गई। इस बीच सेना और प्रशासन के बीच गतिरोध बढ़ता देख मध्य कमान के लेफ्टिनेंट जनरल राजेश राना पिछले रविवार तीन नवंबर को प्रयागराज पहुंचे। इस दौरान सेना और जिला प्रशासन के अफसरों की बैठक भी हुई। उनके जाने के बाद सेना ने परेड क्षेत्र में बने एसएसपी कार्यालय के साथ मेला प्रशासन का नया (आईसीसीसी) एवं पुराने कार्यालय को भी सील करने की बात कही। अब रविवार को तीनों भवन पर सेना अपना कब्जा कर लेगी। सेना अफसरों की ओर से कहा गया है कि कब्जा लेने के बाद ही सिर्फ दो माह के लिए तीनों कार्यालय माघ मेला संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन को सौंपे जा सकते हैं।