प्रयागराज। अतिक्रमण के खिलाफ सेना ने परेड मैदान में सोमवार को फिर अभियान चलाया। दिन भर चली कार्रवाई में सेना ने त्रिवेणी मार्ग पर बांध के नीचे स्थित अग्रवाल धर्मशाला को ढहा दिया। पास ही स्थित मंदिर तथा उसके साथ बने नौ कमरे भी गिरा दिए गए। लगभग 1500 वर्ग मीटर जमीन कब्जा मुक्त कराई गई, इस दौरान पूरा इलाका छावनी बना रहा।
सेना की ओर से परेड मैदान में एक दर्जन से अधिक अवैध निर्माण चिह्ति किए गए हैं। सेना की ओर से इनके ध्वस्तीकरण का नोटिस भी दिया गया है। इसी क्रम में सोमवार को सेना का बुलडोजर गरजा। सेना की टीम सुबह सात बजे ही त्रिवेणी मार्ग पर बांध के नीचे पहुंच गई। पहले उन्हाेंने चारों तरफ से बेरिकेडिंग कर सभी मार्ग बंद कर दिए। फिर अग्रवाल धर्मशाला तथा आसपास से लोगों को बाहर किया। करीब 1500 वर्ग मीटर में बने धर्मशाला में 25 कमरे तथा एक हाल था। दुकानें तथा मंदिर भी था। इसके अलावा भी कई निर्माण थे। सेना ने सभी निर्माण ध्वस्त कर दिए। एक के बाद एक कमरे ढहते देख संचालक तथा वहां कार्यरत कर्मचारियों में मायूसी छा गई। उनका दर्द यह भी था कि सेना की सख्ती की वजह से उन्हें पास जाने की भी अनुमति नहीं थी।
सेना ने अतिक्रमण हटाने की यह कार्रवाई अचानक शुरू की तो लोगों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। आनन-फानन में वहां से लोगाें को और उनका सामान हटवाकर ध्वस्तीकरण शुरू कराया गया। इस दौरान मौके पर जाने के लिए किसी को अनुमति नहीं थी। इस दौरान त्रिवेणी मार्ग, मेला प्रशासन कार्यालय से त्रिवेणी मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहा। पैदल पहुंचे स्नानार्थियों को भी प्रवेश नहीं मिला। कार्रवाई चार बजे तक चली।
1965 में हुआ था धर्मशाला का निर्माण
बांध स्थित धर्मशाला का निर्माण 1965 में हुआ था। बांध पर रहने वालों का कहना था कि तब से यह दूर-दराज से आने वाले स्नानार्थियों के साथ स्थानीय लोगों के ठहरने का आसरा था।
लोगों में भय, अब किसकी बारी
घोषणा की गई थी कि माघ मेला के दौरान ध्वस्तीकरण की कार्रवाई नहीं की जाएगी। इससे वहां बसे तथा व्यापार करने वाले फिलहाल राहत महसूस कर रहे थे, लेकिन सोमवार की कार्रवाई के बाद उनमें फिर से भय का माहौल है। बांध पर रहने वालों का कहना था कि वे वर्षों से यहां रह रहे हैं, लेकिन सेना ने ध्वस्तीकरण का नोटिस दिया है।