जम्मू-कश्मीर प्रदेश के भाजपा अध्यक्ष रविंद्र रैना ने कहा है कि देश और भारत माता के खिलाफ जो भी शडयंत्र रचेगा, उसे मौत के घाट उतार दिया जाएगा। कहा कि जम्मू-कश्मीर में राष्ट्रपति शासन के दौरान सेना ने आतंकियों के सफाए का अभियान युद्ध स्तर पर चला रखा है। इसी का परिणाम है कि 24 घंटे के भीतर 13 पाकिस्तानी आतंकवादियों को मौत के घाट उतार दिया गया है। कहा कि सेना के अभियान ने अब आतंकी संगठनों की कमर तोड़ दी है।
जम्मू-कश्मीर के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तथा नौशेरा विधानसभा क्षेत्र से विधायक रैना शनिवार को झूंसी के छतनाग गांव स्थित ज्ञानगंगा आश्रम में मौजूद थे। प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र रैना यहां जम्मू-कश्मीर के श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के राजगुरू महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद सरस्वती जी महाराज के आचार्य पद पर पट्टाभिषेक कार्यक्रम में शामिल होने कशमीर से आए थे। अमर उजाला से खास बातचीत में श्री रैना ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का माहौल बेहद तेजी से बदल रहा है। बोले कि आतंकियों के खिलाफ छेड़े गए सेना के अभियान ने उनके संगठनों की कमर तोड़ दी है। इसी का नतीजा है कि पिछले 24 घंटें के भीतर एक दर्जन से ज्यादा पाकिस्तानी आतंकी मौत के घाट उतार दिए गए हैं। कहा कि देश की एकता और अखंडता से खिलवाड़ करने वालों को कत्तई नहीं बक्शा जाएगा।
पहली दफे प्रयागराज आए रैना ने कुंभ मेले के सवाल पर कहा कि इस बार का कुंभ मेला ऐतिहासिक होने जा रहा है। इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और स्थानीय प्रशासन को बधाई दूंगा। कहा कि कुंभ मेले में जम्मू-कश्मीर से भी दस लाख से ज्यादा श्रद्धालु गंगा में डुबकी लगाने आएंगे। श्री शंभू पंचायती अटल अखाड़े के आचार्य पद पर जम्मू-कश्मीर के राजगुरू महामंडलेश्वर स्वामी विश्वात्मानंद जी महाराज के पट्टाभिषेक किए जाने पर श्री रैना ने खुशी जताते हुए कहा कि यह पूरे जम्मू-कश्मीर के लिए गौरव की बात है। इससे आतंकवाद ग्रसित जम्मू-कश्मीर के अंदर राष्ट्रवादी शक्तियां एवं हिन्दू धर्म मजबूत होगा।