प्रदेश के अशासकीय महाविद्यालयों में हिंदी और राजनीति विज्ञान विषय में असिस्टेंट प्रोफेसर के 287 पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया जल्द ही पूरी हो जाएगी। इसके लिए उच्च शिक्षा निदेशालय ने ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू कर दी है और चयनित अभ्यर्थियों को सूचित किया है कि आवेदन पत्र में अंकित उनके मोबाइल नंबर में अगर कोई परिवर्तन हुआ है तो इसमें संशोधन करा लें, क्योंकि ऑनलाइन काउंसलिंग से संबंधित तमाम सूचनाओं को आदान-प्रदान मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से ही होगा।
उच्चतर शिक्षा सेवा आयोग की ओर से अशासकीय महाविद्यालयों में विज्ञापन संख्या 47 के तहत 35 विषयों में असिस्टेंट प्रोफेसर के 1150 पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा का आयोजन कराया गया था। आयोग अब तक 33 विषयों का परिणाम जारी कर चुका है जबकि दो विषयों शिक्षाशास्त्र और समाजशास्त्र विषय पर परिणाम आना बाकी है। असिस्टेंट प्रोफेसर शिक्षाशास्त्र भर्ती के मामले में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई चल रही है जबकि असिस्टेंट प्रोफेसर समाजशास्त्र का मामला हाईकोर्ट में लंबित है।
आयोग ने अब तक जिन 33 विषयों का रिजल्ट जारी किया है, उनमें से 31 विषयों में चयनित अभ्यर्थियों की ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और उच्च शिक्षा निदेशालय इन सभी चयनितों को कॉलेज आवंटित करते नियुक्ति पत्र भी जारी कर चुका है। निदेशालय ने अब हिंदी और राजनीति विज्ञान के चयनितों की ऑनलाइन काउंसलिंग की प्रक्रिया शुरू की है। हिंदी में असिस्टेंट प्रोफेसर के 166 और राजनीति विज्ञान में 121 पदों पर भर्ती होनी है।
सहायक शिक्षा निदेशक (उच्च शिक्षा) संजय कुमार सिंह के अनुसार इन दोनों विषयों में चयनितों को कॉलेज आवंटन के लिए ऑनलाइन काउंसलिंग के तहत अगर किसी चयनित अभ्यर्थी के आवेदन पत्र में अंकित मोबाइल नंबर बंद हो गया है, तो वह 10 मार्च तक निदेशालय को नए मोबाइल नंबर के बारे में अवगत करा दें, ताकि वह ऑनलाइन काउंसलिंग में शामिल हो सके। अभ्यर्थी को निर्धारित प्रारूप में अपना नाम, रोल नंबर, विषय, पुराना मोबाइल नंबर और संशोधित मोबाइल नंबर निदेशालय को ईमेल आईडी ‘AYOG.472019@GMAIL.COM’ पर प्रेषित करना है।