उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने पीसीएस मुख्य परीक्षा-2025 के आवेदन पत्रों की जांच के बाद 410 अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए हैं। योग ने इन अभ्यर्थियों को आवेदन निरस्तीकरण के खिलाफ अपील करने का अवसर दिया है। अभ्यर्थी 17 मार्च शाम पांच बजे तक अपील संबंधी आवेदन आयोग को भेज सकते हैं। यह आवेदन पंजीकृत डाक या व्यक्तिगत रूप से आयोग के पूछताछ काउंटर पर भी जमा किए जा सकेंगे।
परीक्षा नियंत्रक हर्षदेव पांडेय ने बताया कि 95 अभ्यर्थियों ने मुख्य परीक्षा का आवेदन पत्र निर्धारित तिथि में आयोग के कार्यालय में जमा नहीं किए। इस कारण उनके आवेदन निरस्त कर दिए गए। वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी पद के लिए सफल छह अभ्यर्थियों, जिला लेखा परीक्षा अधिकारी पद के लिए सफल 37 अभ्यर्थियों व जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी पद के लिए सफल 35 अभ्यर्थियों के आवेदन शैक्षिक अर्हता पूरी न करने के कारण निरस्त हुए हैं।
इसके अलावा 170 अभ्यर्थियों के आवेदन इसलिए निरस्त हुए क्योंकि वह परास्नातक परीक्षा आवेदन की अंतिम तिथि के बाद 15 जुलाई को उत्तीर्ण किए, जिससे वे अनिवार्य शैक्षिक योग्यता की शर्त पूरी नहीं करते। परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि एक अभ्यर्थी का आवेदन दिव्यांगता प्रमाण पत्र के परीक्षण में 24 प्रतिशत दिव्यांगता पाए जाने के कारण निरस्त किया गया।
वहीं, 13 अभ्यर्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रेणी का दावा किया था, लेकिन आवेदन के साथ कोई प्रमाण पत्र न संलग्न करने और न ही अपलोड करने के कारण उनके आवेदन निरस्त किए गए। आयोग के अनुसार कुल मिलाकर करीब 34 अलग-अलग कारणों से 410 अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त किए गए हैं।