यूपीटीईटी-2019 के लिए अक्तूबर-नवंबर से आवेदन
सचिव परीक्षा नियामक की ओर से दिसंबर में परीक्षा कराने की तैयारी
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) के अभ्यर्थियों इंतजार अब जल्द खत्म होगा। सचिव परीक्षा नियामक प्राधिकारी की ओर से यूपीटीईटी के लिए आवेदन प्रक्रिया दशहरा बाद शुरू हो जाएगी। इसके लिए शासन के पास प्रस्ताव पहले ही भेजा जा चुका है। सचिव ने बताया कि दशहरे के अवकाश के बाद किसी समय आवेदन प्रक्रिया शुरू हो सकती है। बताया कि यूपीटीईटी के लिए आवेदन अक्तूबर-नवंबर में लिए जाएंगे, जबकि परीक्षा दिसंबर के तीसरे सप्ताह में संभावित है।
बता दें कि यूपी टीईटी शुरू करते समय सरकार की ओर से यह कहा गया था कि सी-टीईटी की तर्ज पर वर्ष में दो बार परीक्षा कराई जाएगी परंतु यूपी-टीईटी अभी तक वर्ष में एक बार ही कराई जा रही है। वहीं केंद्रीय पात्रता परीक्षा (सी-टीईटी) वर्ष में दो बार कराई जा रही है। एनसीटीई की ओर से बीएड वालों को भी परिषदीय विद्यालयों की शिक्षक भर्ती में मौका देने के बाद अब यूपी-टीईटी में बीटीसी के साथ बीएड वाले आवेदन कर रहे हैं। 2018 की यूपी टीईटी में 17.83 लाख परीक्षार्थी शामिल हुए थे। इस बार यह संख्या बढ़ सकती है।