प्रयाग स्टेशन के निकट एनी बेसेंट रेल अंडर ब्रिज का निर्माण तकरीबन पूरा हो गया है। अब इस पुल पर थोड़ी बहुत फिनिशिंग का कार्य ही शेष रह गया है। ऐसे में इसी माह लोगों के आवागमन के लिए यह ब्रिज खोला जा सकता है। बुधवार को यह जानकारी मंडल रेल प्रबंधक लखनऊ एसएम शर्मा ने साझा की।
महाकुंभ मेले से जुड़ी तैयारियों का जायजा लेने के लिए पहुंचे डीआरएम लखनऊ ने बताया कि आईईआरटी रेल ओवर ब्रिज का भी निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। इसमें सभी गर्डर लगा दिए गए हैं। डीआरएम ने कहा कि 30 नवंबर तक इस पुल को भी लोगों के आवागमन के लिए खोले जाने की तैयारी है। अमर उजाला से हुई बातचीत में डीआरएम ने बताया कि फाफामऊ, प्रयाग जंक्शन पर यात्री आश्रय स्थल का निर्माण भी अब अंतिम चरण में हैं।
प्रयाग स्टेशन की मुख्य इमारत भी बना दी गई है। कहा कि मेलाधिकारी विजय किरन आनंद से भी क्राउड मैनेजमेंट को लेकर वार्ता हुई। इसके पूर्व डीआरएम ने फाफामऊ स्टेशन का भी निरीक्षण किया। इसके अलावा प्रयाग जंक्शन पर भी चल रहे महाकुंभ के कार्यों को देखने के बाद कहा कि डिस्ट्रिक ट्रैफिक वॉलंटियर्स मेला अवधि के दौरान स्टेशन पर ट्रैफिक कंट्रोल करने का कार्य करेंगे। डीआरएम के निरीक्षण के दौरान एडीआरएम सचिन वर्मा आदि अफसर मौजूद रहे।