लंबे समय से लंबित मांगों पर कोई सुनवाई न होने से नाराज उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन से जुड़ी आशा व आशा संगिनियों ने सोमवार को फूलपुर ब्लॉक परिसर में धरना-प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में एकत्रित कार्यकर्ताओं ने सरकार और प्रशासन के प्रति नाराजगी जताते हुए मानदेय वृद्धि और कर्मचारी का दर्जा देने की मांग उठाई और सड़क पर जुटकर विरोध किया।
यूनियन अध्यक्ष बसंती ने कहा कि आशा कार्यकर्ताओं से लगातार अतिरिक्त कार्य लिया जा रहा है, लेकिन इसके अनुपात में न तो मानदेय बढ़ाया जा रहा है और न ही कार्य की स्पष्ट सीमा तय की गई है। इससे आशा कर्मियों को आर्थिक व मानसिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरना-प्रदर्शन के बाद यूनियन की ओर से मांग पत्र उप जिलाधिकारी, सीएचसी अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को सौंपा गया, जिसे जिला स्तरीय अधिकारियों को भेजा गया। मांग पत्र में आशा कर्मियों को सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, 21 हजार रुपये मासिक मानदेय तय करने और कार्य की सीमा निर्धारित करने जैसी प्रमुख मांगें शामिल हैं। धरने में चंदकली, मीरा देवी, बिंदु देवी, प्रतिभा सिंह, रेखा सिंह, सुनीता देवी, राजकुमारी, फूल कुमारी, हेमलता, सुमन सहित सैकड़ों आशा कार्यकर्ता मौजूद रहीं।
वहीं, सीएचसी कोरांव पर आशा कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान रेखा सिंह, गुलाब कली, सरिता सिंह, रीता देवी, पानकली, प्रमिला, अर्चना सिंह मौजूद रहीं।