झूंसी (ब्यूरो)। थाना क्षेत्र के अंदावा गांव के पास जीटी रोड पर बृहस्पतिवार की दोपहर ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। अंदावा गांव के तालाब में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन की ओर से व्यवस्था की गई थी। वहां फैली गंदगी और पानी बेहद कम होने से ग्रामीणों का गुस्सा भड़क गया और इसके बाद बवाल शुरू हो गया। ग्रामीणों ने इलाहाबाद-वाराणसी हाईवे पर चक्काजाम करने के साथ कई वाहनों में तोड़फोड़ और पथराव किया। काफी देर बाद मौके पर पुलिस फोर्स पहुंची तो ग्रामीणों ने पुलिस पर भी जमकर पथराव किया। इससे हाईवे पर अफरातफरी और भगदड़ मच गई। बवाल में पुलिसकर्मियों समेत कई लोग चोटिल हो गए। सूचना पर जिले के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे तो हालात को काबू में किया। मौके पर शाम तक भारी पुलिस फोर्स और पीएससी तैनात रही।
फूलपुर तहसील प्रशासन ने झूंसी के अंदावा गांव स्थित तालाब में झूंसी और हनुमानगंज की विभिन्न ग्रामसभाओं में स्थापित की गई दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन की व्यवस्था की थी। बृहस्पतिवार दोपहर रिठैयां, उर्दीसराय तथा बंधवाताहिरपुर ग्रामसभा के ग्रामीण दुर्गा प्रतिमाओं के साथ विसर्जन के लिए पहुंचे लेकिन तालाब के चारों तरफ फैली गंदगी फैली हुई थी और पानी बेहद कम था। इससे नाराज ग्रामीणों ने जीटी रोड पर पहुंचकर चक्काजाम कर दिया और प्रशासनिक अफसरों के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।
जाम के कारण जीटी रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। तभी भीड़ के बीच एक एक्सयूवी चालक गाड़ी लेकर पहुंच गया। वह गाड़ी आगे ले जाने की जिद करने लगा। इस पर ग्रामीणों और चालक में तकरार शुरू हो गई। वाहन चालक अपने को प्रशासनिक अफसर बता रहा था। बात बढ़ी तो एक्सयूवी चालक चक्काजाम कर रहे लोगों को टक्कर मारते हुए वहां से निकला। आक्रोशित ग्रामीणों ने पीछे से वाहन पर जमकर पथराव किया। हालांकि वाहन चालक वहां से भाग निकला। इससे ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया। इसके बाद तो ग्रामीणों ने कई वाहनों पर पथराव और तोड़फोड़ शुरू कर दी।