मरीज की मौत मामले में जांच कमेटी गठित
एसआरएन अस्पताल में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) राघवेंद्र मिश्रा की इलाज में लापरवाही से हुई मौत के आरोप की जांच के लिए पांच सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। प्रधानाचार्य डा.एसपी सिंह की ओर से एसआईसी डा.एके श्रीवास्तव की अध्यक्षता में गठित कमेटी में अस्पताल के चार वरिष्ठ चिकित्सकों को शामिल किया गया है। इसमें डा.सरिता बजाज, डा.शबी अहमद, डा.वीके सिंह एवं डा.तारिक महमूद को शामिल किया गया है। गौरतलब है बुधवार शाम उपचार के दौरान ग्राम विकास अधिकारी की मौत हो गई थी। परिवार के लोग इजाज में लापरवाही का आरोप लगाने लगे। प्रधानाचार्य ने उनको जांच कराए जाने का भरोसा दिलाया था। इसके बाद आज प्रधानाचार्य ने जांच कमेटी गठित करते हुए सात दिनों के भीतर रिपोर्ट देने को कहा है। उधर, राघवेंद्र की मौत से नाराज परिजन एवं तमाम छात्रों ने गुरूवार को जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया और दोषियों को दंडित किए जाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि मरीज को किसी सीनियर डॉक्टर ने अटेंड नहीं किया। लापरवाही बरते जाने की वजह से उनकी जान चली गई। दोषियों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर उन्होंने आंदोलन शुरू करने का अल्टीमेटम दिया। इस दौरान रीतेश, विक्रम, अनुज त्रिपाठी, गंगेश मिश्रा, आंशु शुक्ला समेत अन्य मौजूद रहे।