इलाहाबाद। अखिल भारतीय अनुसूचित जाति एवं जनजाति रेलवे कर्मचारी संघ की ओर से शुक्रवार को अंबेडकर जयंती समारोह आयोजित किया गया। एनसीआर महाप्रबंधक महेश मंगल ने कहा कि स्वतंत्र भारत के निर्माण में बाबा साहब का बड़ा योगदान है। साथ ही उन्होंने रेलवे में एससी/एसटी कर्मचारियों के योगदान को भी सराहा।
बताया कि रेलवे भर्ती बोर्ड के ग्रुप सी के पदों के लिए बनाए गए पैनल में वर्ष 2013-14 में 444 पद अनुसूचित जाति और 243 पद अनुसूचित जनजाति तथा वर्ष 2014-15 में 264 पद एससी और 143 पद एसटी से भरे गए। रेल भर्ती प्रकोष्ठ की ओर से ग्रुप डी के पदों के लिए बनाए गए पैनल में 325 पद एससी और 225 पद एसटी से भरे गए हैं। पदोन्नति प्रक्रिया में भी रोस्टर का पालन किया जा रहा है।
इस दौरान रेलवे कर्मचारी संघ के नवनिर्मित कार्यालय का भी उद्घाटन किया। इस दौरान डीआरएम वीके त्रिपाठी, सीपीओ ओम प्रकाश, सीसीएम विजयीराम, सीपीआरओ बिजय कुमार, कर्मचारी संघ के अध्यक्ष बीएल भैरवा, जोनल अध्यक्ष संतोष कुमार अहिरवार, जोनल सेक्रेटरी लालसा राम आदि मौजूद रहे।