कबड्डी प्रतियोगिता में खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करतीं व्यायाम शिक्षिका लक्ष्मी सोनकर।
- फोटो : अमर उजाला।
एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में बुधवार को आयोजित नगर उत्तर संभाग सीनियर फुटबॉल प्रतियोगिता में संभाग उत्तर के अंतर्गत आने वाले स्कूलों की टीमों के बीच कांटे की टक्कर हुई। प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज की टीम विजेता घोषित हुई। प्रतियोगिता की शुरुआत उप प्रधानाचार्य मयंक श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त करके किया।
सीनियर फुटबॉल प्रतियोगिता के अंतर्गत पूल ए का पहला मैच एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज और कैंट हाईस्कूल के बीच खेला गया। इसमें एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज ने 2-0 गोल से जीत दर्ज की। पूल ए का दूसरे मैच भारत स्काउट इंटर कॉलेज और कैंट हाईस्कूल के बीच खेला गया। इसमें भारत स्काउट इंटर कॉलेज 2-0 गोल से विजेता हुआ।
पूल ए का तीसरा मैच भारत स्काउट इंटर कॉलेज और एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज 3-1 गोल करके विजेता बना। पूल बी का मैच जीआईसी और सीएवी इंटर कॉलेज के बीच खेला गया, जिसमें सीएवी इंटर कॉलेज 3-2 गोल से विजेता बना। फाइनल मैच एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज और सीएवी इंटर कॉलेज के बीच खेला गया।
फाइनल में दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रही, लेकिन एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 3-0 जीत दर्ज की। फाइनल में एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज की ओर से मुकुंद चौधरी, विशाल और अजीज़ ने एक-एक गोल किया। प्रतियोगिता का संचालन रविंद्र मिश्रा ने किया। इस दौरान पीसी यादव, अबूबकर खान, जैक कुमार, ब्रजेश गुप्ता, सुभांकर दत्ता, यशवंत, शिवबहादुर, निखिलेश कुमार, जय सिंह रहे।
कबड्डी में सेवा समिति विद्या मंदिर ने मारी बाजी
सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज, रामबाग में बुधवार को आयोजित नगर दक्षिण संभागीय विद्यालयीय बालक वर्ग कबड्डी प्रतियोगिता के सीनियर और सब जूनियर वर्ग में सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज चैंपियन रहा। प्रतियोगिता की शुरुआत सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विवेक चौधरी ने की। सीनियर बालक वर्ग के फाइनल में सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की टीम ने डॉ.केएन काटजू इंटर कॉलेज को 13 के मुकाबले 37 अंकों से पराजित कर जीत दर्ज की।
सब जूनियर वर्ग के फाइनल में सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज की टीम ने अग्रसेन इंटर कॉलेज को 2 के मुकाबले 35 अंकों से पराजित किया। प्रतियोगिता का आयोजन सेवा समिति विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के क्रीड़ाध्यक्ष डॉ.हरिश्चंद्र पटेल व अश्वनी यादव के निर्देशन में हुआ। निर्णायक की भूमिका में खेल शिक्षक उमेश खरे, आशलेंद्र कुमार सोनकर, शैलेंद्र कुमार साहू, पवन कुमार सिंह, रामपाल, अजय कुमार यादव, अश्वनी यादव रहे। संचालन क्रीडा अध्यक्ष डॉ. हरिश्चंद्र पटेल ने किया।
कबड्डी और हैंड बाल प्रतियोगिताओं में टीमों ने दिखाया दम
बेसिक शिक्षा परिषद से संचालित परिषदीय स्कूलों में भी खेलों की शुरूआत हो गई। बुधवार को राजकीय महिला शारीरिक शिक्षा महाविद्यालय में जूनियर स्तर की कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें विभिन्न ब्लॉकों से आए बच्चों ने प्रतिभाग किया। बालक वर्ग में 11 टीमें और बालिका वर्ग में 10 टीमें शामिल हुई। प्रतियोगिता के दौरान टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया।
कबड्डी प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में मांडा की टीम विजेता और धनुपुर की टीम उपविजेता रही। मांडा की टीम से शहिर बानो और शिखा गौतम का प्रदर्शन शानदार रहा। वहीं बालक वर्ग में धनुपुर की टीम विजेता और कौड़िहार की टीम उपविजेता रही। टीम की तरफ से खेल रहे अनिकेत पटेल का प्रदर्शन सबसे बेहतर रहा।
दूसरी तरफ एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज में हैंडबाल की प्रतियोगिता दोनों वर्गों में आयोजित हुई। बालिका वर्ग में करछना की टीम विजेता और सोरांव की टीम उपविजेता रही। बालक वर्ग में करछना की टीम विजेता और सोरांव की टीम उप विजेता रहे। जिला व्यायाम शिक्षिक लक्ष्मी सोनकर ने बताया कि प्रतियोगिता के आयोजन में व्यायाम शिक्षक अशोक कुमार मौर्या, कीर्ति मिश्रा, अनुदेशक सुनील शुक्ला, विजय राज, राहुल कनौजिया, नरेंद्र कुमार पांडेय ने सहयोग दिया।